दक्षिणी ओडिशा में पांव जमाने को भाजपा-बीजद की जोरदार तैयारियां, सीएम सहित 8 मंत्री दौरे पर

भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा के लिए दक्षिण को चुना है जबकि मुख्यमंत्री शुक्रवार को मलकानगिरी जिले के दौरे पर हैं। भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए केन्द्र सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

By Babita KashyapEdited By: Publish:Fri, 20 Aug 2021 02:45 PM (IST) Updated:Fri, 20 Aug 2021 02:45 PM (IST)
दक्षिणी ओडिशा में पांव जमाने को भाजपा-बीजद की जोरदार तैयारियां, सीएम सहित 8 मंत्री दौरे पर
दक्षिणी ओडिशा दौरे से प्रदेश की राजनीति में फिर से नया मोड़ आ गया है।

भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उनके मंत्रिमंडल के आठ सदस्यों सहित केंद्र से आए दो मंत्रियों के दक्षिणी ओडिशा दौरे से प्रदेश की राजनीति में फिर से नया मोड़ आ गया है। भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा के लिए दक्षिण को चुना है जबकि मुख्यमंत्री शुक्रवार को मलकानगिरी जिले के दौरे पर हैं। एक और मुख्यमंत्री बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना में स्मार्ट कार्ड कार्ड का वितरण कर लोगों से जुड़ने के साथ अपनी कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने वाले हैं। जबकि भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए केन्द्र सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

दोनों ही राजनीतिक दलों ने कभी कांग्रेस के गढ़ रहे इस इलाके में अपनी अपनी पकड़ मजबूत कर ने के लिए ताकत झोंक दी है। ओडिशा से राज्य सभा पहुंचे अश्विनी वैष्णव ने केंद्र में रेलमंत्री का पदभार संभालने के बाद अपने पहले ही दौरे में कोरापुट, रायगढ़ा, नवरंगपुर जिले में विभिन्न परियोजना की समीक्षा करने वाले हैं।

ओडिशा पहुंचकर रेल मंत्री ने कहा कि ओडिशा के सभी रेलवे स्टेशन को सुंदर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ओडिशा के विकास के लिए नए विज़न के साथ हम काम करना चाहते हैं। उधर मलकानगिरी जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने संस्कृति भवन में हिताधिकारियों को बीजू कल्याण स्वास्थ्य कल्याण के अंतर्गत स्मार्ट कार्ड प्रदान किया मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री नवकिशोर दास और सचिव बीके पांडियन उपस्थित थे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री के निर्देश पर सात अन्य मंत्री 23 अगस्त तक जिले के विभिन्न इलाकों का दौरा कर हिताधिकारियों को स्वास्थ्य स्मार्ट कार्ड का वितरण करेंगे। शासक बीजद और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के दक्षिणी ओडिशा दौरे से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में दोनों ही राजनीतिक दलों के लिए दक्षिणी ओडिशा फोकस में रहने वाला है।

chat bot
आपका साथी