बीजद प्रमुख ने पेश किया नई सरकार बनाने का दावा

देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुनामी के बावजूद ओडिशा की जनता का नवीन पटनायक पर भरोसा कायम है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 06:32 PM (IST) Updated:Sun, 26 May 2019 06:48 AM (IST)
बीजद प्रमुख ने पेश किया नई सरकार बनाने का दावा
बीजद प्रमुख ने पेश किया नई सरकार बनाने का दावा

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुनामी के बावजूद ओडिशा की जनता का नवीन पटनायक पर भरोसा कायम है। सोमवार को बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक लगातार पांचवीं बार ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे जोकि राज्य के लिए अपने आप में एक रिकार्ड है। शुक्रवार को बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने राजभवन जाकर राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल को अपना इस्तीफा सौंपने समेत नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने नई सरकार के गठन तक उन्हें मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का आग्रह किया है।

प्रदेश में एक साथ हुए लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी की सुनामी पर बीजू जनता दल के सुप्रीमो नवीन पटनायक की लोकप्रियता भारी पड़ी है। यही वजह है कि लोकसभा की 21 सीट में से बीजू जनता दल को 12 सीट, भारतीय जनता पार्टी को 8 एवं कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिलने के इतर विधानसभा की 146 सीट पर हुए चुनाव में बीजद ने एकतरफा जीत हासिल की है। चुनाव आयोग की ओर से घोषित नतीजों में बीजू जनता दल को विधानसभा में 112 सीट, भाजपा को 23 एवं कांग्रेस 9 सीट तथा अन्य के खाते में 2 सीट गई है।

नवीन पटनायक के लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कभी राजनीति के धुरंधरो में गिने जाने वाले बीजद के ही दो बड़े नेता दल छोड़ने के बाद भाजपा से इस बार चुनाव मैदान में उतरे थे। केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र से वरिष्ठ नेता बैजयंत पंडा एवं बालीकुदा एरसमा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने वाले पूर्व मंत्री डॉ. दामोदर राउत, दोनों लोगों को हार का सामना करना पड़ा है। पुरी लोकसभा सीट से भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्र, कांग्रेस के अध्यक्ष निरंजन पटनायक, भाजपा विधायक दल के नेता कनक व‌र्द्धन सिंहदेव जैसे दिग्गज नेता भी चुनाव हार गए हैं। पूर्व मंत्री दामोदर राउत तो लड़ाई में ही नहीं रहे। वहीं नवीन पटनायक ने कई नए चेहरे को मौका देते हुए उनके लिए विधानसभा एवं लोकसभा के दरवाजे खोल दिए। चुनाव में मिली जीत का श्रेय नवीन पटनायक ने विशेष रूप से महिला मतदाता एवं अपने कार्यकर्ताओं को दिया।

chat bot
आपका साथी