अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देशभर के 75 एतिहासिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत लद्दाख के सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विभिन्न स्थानों पर संस्कृति मंत्रालय के योग कार्यक्रमों में भाग लिया। यह कार्यक्रम 75 सांस्कृतिक विरासत स्थलों पर आयोजित किया गया था।

By Neel RajputEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 07:44 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 07:44 AM (IST)
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देशभर के 75 एतिहासिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन
संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने लाल किले में आयोजित कार्यक्रम में किया योग

नई दिल्ली, प्रेट्र। संस्कृति मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग, एक भारतीय विरासत थीम पर देशभर के 75 विरासत स्थलों पर सोमवार को योग कार्यक्रम आयोजित किए।

संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में संस्कृति और पर्यटन मंत्रालयों के अधिकारियों, योग विशेषज्ञों और योग प्रशंसकों के साथ योग किया। पटेल योग, एक भारतीय विरासत थीम का नेतृत्व कर रहे थे। यह कार्यक्रम आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के तहत आयोजित किया गया था।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह कार्यक्रम 75 सांस्कृतिक विरासत स्थलों पर आयोजित किया गया था, जिसमें स्वतंत्रता के 75 साल होने के उपलक्ष्य में मंत्रालय के सभी संस्थानों/निकायों की सक्रिय भागीदारी रही।

बयान के मुताबिक महामारी की स्थिति को देखते हुए योग के लिए भाग लेने वालों की संख्या प्रत्येक स्थल पर 20 तक सीमित थी। योग प्रदर्शन से पहले केंद्रीय मंत्री और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, लद्दाख के सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विभिन्न स्थानों पर संस्कृति मंत्रालय के योग कार्यक्रमों में भाग लिया।

लाल किले पर योग समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में पटेल ने कहा कि योग देश की सबसे बड़ी धरोहर है।

उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है कि उन्होंने इस आरोग्य मंत्र को पूरी दुनिया में लोकप्रिय बनाया है। नतीजतन आज पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है और लोगों ने इसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बना लिया है।

योग लोगों और देश के लिए अच्छा : नायडू

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि योग न केवल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से मदद करता है बल्कि समाज के स्वास्थ्य में भी सुधार करता है। यह लोगों और देश दोनों के लिए अच्छा है। इससे पहले नायडू ने यहां उप-राष्ट्रपति निवास के लान में अपनी पत्नी उषम्मा के साथ योग किया।

chat bot
आपका साथी