यूपी-बिहार सहित इन राज्यों में फिर बारिश की संभावना, पहाड़ों पर बर्फबारी से गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

Weather Update आईएमडी के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो यूपी बिहार दिल्ली से लेकर उत्तराखंड और केरल-बंगाल में बारिश की संभावना है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 08:15 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 10:51 PM (IST)
यूपी-बिहार सहित इन राज्यों में फिर बारिश की संभावना, पहाड़ों पर बर्फबारी से गुलाबी ठंड ने दी दस्तक
मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, एजेंसी। मानसून के भारत के कई हिस्सों से विदा होने के बावजूद दिल्ली, उत्तराखंड और केरल में बीते कुछ दिनों में भारी वर्षा हुई है। दक्षिणी अरब सागर में बने एक निम्न दबाव वाले क्षेत्र और बादल फटने की छोटी घटनाओं को इस बारिश के लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली से लेकर उत्तराखंड और केरल-बंगाल में बारिश की संभावना है। 

स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मध्य भाग पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा मध्य उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से बिहार के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र तक फैली हुई है। साथ ही एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 22 अक्टूबर से पश्चिमी हिमालय और 23 अक्टूबर से उत्तर पश्चिमी भारत के आसपास के मैदानी इलाकों तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे उत्‍तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगााल, सिक्किम और पूर्वोत्‍तर भारत के अधिकतर हिस्‍सों में बारिश की संभावना है।

अगले 24 घंटों के दौरान इन राज्यों में बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और पूर्वी बिहार के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल, शेष पूर्वोत्तर भारत और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार के शेष हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश की तलहटी, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश संभव है।

दिवाली से पहले ठंड की शुरुआत होने की संभावना

मानसून की विदाई के बाद हुई मूसलाधार बारिश ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मौसम वैज्ञानिकों मुताबिक दिवाली से पहले ठंड की शुरुआत होने की संभावना भी जताई है। जबकि 15 नवंबर से कड़ाके की ठंड (Bitter Cold) पड़ने के आसार हैं। दिवाली के त्योहार से पहले ही सुबह और शाम के वक्त सर्दी शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक अच्छी खासी ठंड पड़ने के आसार बन रहे हैं। फिलहाल दिवाली तक हल्की सर्दी शुरू होने की उम्मीद है।

उत्तर भारत में मानसून जाने के बाद बारिश क्यों ?

पश्चिमी विक्षोभ मजबूत होने के चलते मानसून जाने के बाद भी इतनी अधिक बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर अक्टूबर और नवंबर में इतनी अधिक बारिश नहीं होती है। बारिश के कारण वातावरण में बहुत अधिक नमी आई है। इस कारण दिवाली के त्योहार से पहले ही सुबह और शाम के वक्त सर्दी शुरू हो जाएगी।

पहाड़ों पर मौसम ने ली करवट, शुरू हुई बर्फबारी

पहाड़ों पर कई जगह बर्फबारी शुरू हो गई है। कश्मीर में मौसम पूरी तरह से बदल रहा है। कश्मीर में अब ठंड हो गई है। कई इलाकों में बर्फबारी भी हुई है। जिससे की मौसम ठंडा हो गया है। कश्मीर के कई ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी होने के बाद पहाड़ों पर बर्फ देखी जा रही है। बारिश होने के बाद बाबा अमरनाथ के दरबार में बर्फबारी हुई है। इसके अलावा जी गली, राजदान टाप, पीर की गली, सादना टाप और जोजीला में बर्फबारी हुई है। जिसके बाद पूरे कश्मीर में ठंड हो गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बर्फबारी होगी। जिससे की इस माह के अंत तक और मौसम ठंडा हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी