मानसून की वापसी में होगी देरी, जानें- अगले 24 घंटे में यूपी व दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

अगले 24 घंटों के दौरान तटीय ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों विदर्भ मराठवाड़ादक्षिण-पूर्व राजस्थान और गुजरात केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

By TaniskEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 06:24 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 06:24 AM (IST)
मानसून की वापसी में होगी देरी, जानें- अगले 24 घंटे में यूपी व दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
मानसून की वापसी में होगी देरी। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी में देरी होगी। फिलहाल इसके अक्टूबर के पहले सप्ताह तक जारी रखने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान, तटीय ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा,दक्षिण-पूर्व राजस्थान और गुजरात, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम की जानकारी देने वाली साइट स्काई मेट वेडर के अनुासर पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, लक्षद्वीप, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, तमिलनाडु और रायलसीमा में हल्की बारिश संभव है।

दिल्ली में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना है। इस दौरान कभी बूंदाबांदी तो कभी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो अक्टूबर तक मौसम सुहावना बना रहेगा और तापमान के भी सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में बारिश का अनुमान

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'गुलाब' के कारण मध्य प्रदेश के इंदौर,ग्वालियर, उज्जैन में बारिश की संभावना है। भोपाल, जबलपुर, शहडोल, होशंगाबाद, रीवा और सागर में मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल चार सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान 'गुलाब' मौजूद है। वहीं अरब सागर और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। बीकानेर, सागर, कोटा पेंड्रा रोड और झारसुगड़ा से गुजरते हुए मानसून ट्रफ चक्रवाती तूफान के केंद्र तक बना हुआ है। इन चार वेदर सिस्टम की सक्रियता से सोमवार को पूरे सूबे में बारिश की संभावना है।

मानसून अक्टूबर के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है

मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार मानसून अक्टूबर के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है। फिलहाल तीन अक्टूबर तक का पूर्वानुमान है, लेकिन इसके बाद भी इसके जारी रहने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। सितंबर में बार-बार लो प्रेशर एरिया बनने से फिलहाल बारिश का दौर जारी रहेगा। अक्टूबर के उत्तरार्ध में तापमान गिरने लगेगा। नवंबर में सर्दी का अहसास होने लगेगा। आइएमडी के महानिदेशक डा. मृत्युंजय महापात्रा ने इसकी जानकारी दी है।

chat bot
आपका साथी