weather forecast update: दिल्ली में 2 डिग्री पहुंचा तापमान, उत्तर भारत में ठिठुरन भरी ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत; जानें- मौसम विभाग का अलर्ट

पश्चिमी बर्फीली हवा से देश के कई हिस्सों में गलन और ठिठुरन भरी ठंड का कहर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। बर्फबारी के बाद श्रीनगर में पारा माइनस 7.8 डिग्री पहुंच गया।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 03:32 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 07:01 AM (IST)
weather forecast update: दिल्ली में 2 डिग्री पहुंचा तापमान, उत्तर भारत में ठिठुरन भरी ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत; जानें- मौसम विभाग का अलर्ट
दिल्ली के सफदरजंग इलाके में गुरुवार को 2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया (फाइल एएनआई)

 नई दिल्ली, एजेंसी। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं बल्कि ठंड का कहर और बढ़ भले सकता है। आईएमडी ने बताया कि शुष्क मौसम और उत्तर, उत्तरपश्चिम हवाओं की वजह से देश के उत्तर-पश्चिम हिस्सों के ज्यादातर इलाकों में अगले तीन-चार दिन तक न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। बर्फबारी के बाद श्रीनगर में पारा माइनस 7.8 डिग्री पहुंच गया, जिसके कारण डल झील जम गई। राजस्थान में बीती रात मौसम की सबसे ठंडी रात रही। पंजाब में लोहड़ी पर हर साल के मुकाबले ज्यादा ठंड पड़ रही है। दिल्ली के पालम इलाके में गुरुवार सुबह 6.2 डिग्री और सफदरजंग इलाके 2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। 1 जनवरी के बाद यह पहली बार है, जब दिल्ली में तापमान इतना नीचे गया। तब दिल्ली में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

यूपी में मौसम विभाग ने जारी किया शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी से लेकर तराई के जिलों में भीषण शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बहराइच, श्रावस्ती हरदोई, गोण्डा, बस्ती, संतकबीरनगर और गोरखपुर में बेहद ठंडे दिन की चेतावनी जारी की गयी है। आज 14 जनवरी को पश्चिमी यूपी और तराई के इन जिलों में दिन में ठण्ड का प्रकोप बहुत ज्यादा देखने को मिल सकता है। अगले 24 घण्टे में इन शहरों में शीतलहर के कारण दिन का तापमान और गिर सकता है। इसके अलावा मौसम विभाग ने ऊपर लिखे शहरों के साथ साथ बाराबंकी और कानपुर में घने कोहरे का भी अलर्ट जारी किया है। कोहरे का असर प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में देखने को मिलेगा।

 श्रीनगर में पारा माइनस 7.8 पहुंचा

पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। जम्मू-कश्मीर में चिल्लई-कलां (तेज ठंड) का असर है। कश्मीर घाटी में तापमान माइनस 7.8आने से डल झील जम गई है, इससे झील पर शिकारों का चलना कम हो गया है। सिर्फ काम के शिकारे ही चल पा रहे हैं, क्योंकि उन्हें बर्फ तोड़नी पड़ रही है।

 माउंट आबू के बाद श्रीगंगानगर सबसे ठंडा

प्रदेश में माउंट आबू के बाद श्रीगंगानगर में 13 जनवरी प्रदेश में सीजन की सबसे ज्यादा ठंडी रात रही। इससे पहले एक जनवरी को 2.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा था। रात में पारा जमाव बिंदु के आसपास होने के कारण पाला पड़ने की आशंका है। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो के आसपास रही। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब में अगले 4 दिन कड़ाके की सर्दी, गिरेगा पाला

दिन के पारे में 4 डिग्री तक गिरावट के साथ इस बार लोहड़ी पर राज्य में पिछले साल के मुकाबले ज्यादा ठंडक रही। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान जताया है। दिन का पारा औसतन 4-5 डिग्री कम चल रहा है। दिन में उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। इस कारण शीतलहर चुनौती देगी। रात को खुले इलाकों और हाईवे पर पाला गिरेगा।

रात में पारा 6.4° लुढ़ककर 7 डिग्री पहुंचा भोपाल का पारा

संक्रांति के 24 घंटे पहले शहर कड़ाके की ठंड से ठिठुर गया। 24 घंटे में रात का तापमान 6.4 डिग्री लुढ़ककर 7.0 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। 23 दिन बाद रात सबसे सर्द रही। इससे पहले 21 दिसंबर को रात का तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि उत्तर से सूखी व सर्द हवा के आने से तापमान में गिरावट हुई। ठंडी हवा से 24 घंटे में दिन में पारा ऊपर नहीं चढ़ा सका। बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी दिन का तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया। अभी दो दिन ऐसी ही ठंड रहेगी।

chat bot
आपका साथी