असम से मिजोरम में वाहनों का जाना शुरू, हिमंता बिस्व सरमा कल मिलेंगे पीएम मोदी से

देश के विभिन्न इलाकों से माल लेकर मिजोरम जा रहे ट्रक पिछले कई दिनों से असम के ढोलई में खड़े हुए थे। इन ट्रकों में दवाइयां कुकिंग गैस डीजल और अन्य जरूरी सामान था। दोनों प्रदेशों के मंत्रियों और अधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद तनाव कम हुआ।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sun, 08 Aug 2021 09:29 PM (IST) Updated:Sun, 08 Aug 2021 09:29 PM (IST)
असम से मिजोरम में वाहनों का जाना शुरू, हिमंता बिस्व सरमा कल मिलेंगे पीएम मोदी से
ट्रक शनिवार देर रात से मिजोरम में प्रवेश होने लगे

 आइजल, प्रेट्र। देश के बाकी हिस्सों से माल लेकर आए ट्रक शनिवार देर रात से मिजोरम में प्रवेश होने लगे। ये ट्रक असम की मिजोरम से लगने वाली विवादित सीमा के मध्य बने राजमार्ग से होकर जा रहे हैं। असम से मिजोरम के लिए वाहनों का आवागमन दोनों प्रदेशों के पुलिस बलों के बीच हुए खूनी टकराव के 12 दिन बाद शुरू हुआ है। एएनआइ के अनुसार असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा सोमवार को नई दिल्ली में प्रदेश के सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे और दोनों प्रदेशों के सीमा विवाद के बारे में उन्हें जानकारी देंगे।

सुरक्षा का पक्का भरोसा मिलने पर जाने को तैयार हुए ट्रक चालक

देश के विभिन्न इलाकों से माल लेकर मिजोरम जा रहे ट्रक पिछले कई दिनों से असम के ढोलई में खड़े हुए थे। इन ट्रकों में दवाइयां, कुकिंग गैस, डीजल और अन्य जरूरी सामान था। दोनों प्रदेशों के मंत्रियों और अधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद तनाव कम हुआ और स्थानीय निवासियों ने सीमा पर लगाए गए अवरोध हटा लिए लेकिन ट्रक ड्राइवर सुरक्षा कारणों से मिजोरम के लिए रवाना होने को तैयार नहीं थे। अंतत: शनिवार को असम के मंत्री अशोक सिंघल और परिमल सुक्लाबैद्या ने ट्रक चालकों से मिलकर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया, तब रात से मिजोरम के लिए ट्रक रवाना हुए।

हालात सामान्‍य बनाने के लिए किए गए व्यापक बंदोबस्त

असम के कोलासिब जिले के एसपी वनलालफाका राल्टे के अनुसार रविवार सुबह तक 50 वाहन मिजोरम में प्रवेश कर चुके थे। दोनों प्रदेशों के बीच वाहनों का आवागमन सामान्य हो रहा है। हालात सामान्य और शांतिपूर्ण रहें, इसके लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। एसपी सीमा के नजदीक वैरेंग्टे नाम के कस्बे में मौजूद हैं।

कछार जिले की एसपी रमनदीप कौर ने बताया है कि पुलिस सुरक्षा में वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। जबकि सिलचर स्थित मिजोरम हाउस के लाइजन आफीसर कापथंगा ने बताया है कि शनिवार शाम को मिजोरम जा रहे नौ वाहनों पर असम के लैलापुर में हमला हुआ, लेकिन बाद में हालात नियंत्रित हो गए।

chat bot
आपका साथी