केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, सेंट्रल विस्टा परियोजना के दायरे में जामुन के पेड़ नहीं उखाड़े गए

पुरी ने ट्वीट किया सेंट्रल विस्टा परियोजना को लेकर जारी कार्य के बारे में बेबुनियाद खबरों और फर्जी तस्वीरों पर भरोसा नहीं करें। जामुन का कोई पेड़ नहीं हटाया गया है। पूरी परियोजना के तहत केवल कुछ ही पेड़ों का प्रत्यारोपण किया जाएगा

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 10:25 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 10:25 PM (IST)
केंद्रीय मंत्री  हरदीप सिंह पुरी ने कहा, सेंट्रल विस्टा परियोजना के दायरे में जामुन के पेड़ नहीं उखाड़े गए
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की फाइल फोटो

नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के दायरे में आने वाले जामुन के पेड़ों को उखाड़ा नहीं गया है। साथ ही जोर दिया कि विरासत को दर्शाने वाली लैंप पोस्ट जैसी चीजों को दोबारा लगाया जाएगा। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री सिंह ने कहा कि परियोजना के तहत केवल कुछ ही पेड़ों का प्रत्यारोपण किया जाएगा और दावा किया कि कुल हरियाली क्षेत्र में भी इजाफा होगा। एक दिन पहले ही इस तरह की खबरें आई थीं कि सेंट्रल विस्टा परियोजना के चलते जामुन के कई पेड़ उखाड़े जा सकते हैं। सेंट्रल विस्टा परियोजना में इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक निर्माण गतिविधि प्रस्तावित है।

पुरी ने ट्वीट किया, सेंट्रल विस्टा परियोजना को लेकर जारी कार्य के बारे में बेबुनियाद खबरों और फर्जी तस्वीरों पर भरोसा नहीं करें। जामुन का कोई पेड़ नहीं हटाया गया है। पूरी परियोजना के तहत केवल कुछ ही पेड़ों का प्रत्यारोपण किया जाएगा। कुल हरियाली क्षेत्र में भी इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में देश की आजादी के 75वें साल में गणतंत्र दिवस परेड की अगवानी के लिए इस परियोजना को समय पर पूरा कर लिया जाएगा।

इस परियोजना के तहत एक नए संसद भवन, केंद्रीय सचिवालय, प्रधानमंत्री का नया आवास और उप-राष्ट्रपति आवास का निर्माण किया जाना है। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच इस परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर सरकार को विपक्षी दलों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने परियोजना के क्रियान्वयन की आलोचना करते हुए इसे धन की बर्बादी बताया और सरकार से महामारी के दौरान लोगों के जीवन की रक्षा पर ध्यान देने को कहा।

chat bot
आपका साथी