विकास दुबे पर घोषित इनाम के लिए उज्जैन पुलिस नहीं भेजेगी प्रस्ताव, अधिकारियों ने कही यह बात

उज्जैन पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि उनकी तरफ से विकास दुबे पर घोषित इनाम के लिए कोई प्रस्ताव नहीं भेजा जाएगा। जानें अधिकारियों ने क्‍या दी इसके पीछे दलील...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 11:08 PM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 01:49 AM (IST)
विकास दुबे पर घोषित इनाम के लिए उज्जैन पुलिस नहीं भेजेगी प्रस्ताव, अधिकारियों ने कही यह बात
विकास दुबे पर घोषित इनाम के लिए उज्जैन पुलिस नहीं भेजेगी प्रस्ताव, अधिकारियों ने कही यह बात

उज्जैन, जेएनएन। विकास दुबे पर यूपी पुलिस ने पांच लाख रुपये का जो इनाम घोषित किया था उसे लेकर चर्चाएं जारी हैं। विकास उज्जैन के महाकाल मंदिर से पकड़ा गया था और उत्तर प्रदेश में उसका एनकाउंटर किया गया था। उज्जैन पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि उनकी तरफ से इनाम को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं भेजा जाएगा। यदि यूपी पुलिस जानकारी मांगेगी तो उन्हें सूचना देने वालों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उज्जैन में सबसे पहले सुरेश कहार द्वारा विकास दुबे की जानकारी देने की बात पुलिस ने मीडिया को भी बताई थी।

बात करने से डर रहा सूचना देने वाला

दुकानदार सुरेश कहार और उसके स्वजन इस संबंध में अब कोई बात नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे सभी जानकारी पुलिस को दे चुके हैं। बता दें कि नौ जुलाई को सुबह 7.45 बजे गैंगस्टर विकास दुबे महाकाल मंदिर आया था। यहां उसने फूल-प्रसाद और साड़ी दुकान चलाने वाले सुरेश कहार से दर्शन व्यवस्था के बारे में पूछा था। सुरेश न्यूज चैनल देखता था, इसलिए उसने विकास को पहचान लिया। इसके बाद उसने मंदिर के सुरक्षाकर्मी राहुल यादव को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद विकास दुबे को पकड़ लिया गया। बाद में स्थानीय पुलिस ने पंचनामा बनाकर उसे यूपी एसटीएफ के सुपुर्द कर दिया था।

उज्जैन में कोई कनेक्शन नहीं मिला

विकास की उज्जैन से गिरफ्तारी को लेकर पुलिस का कहना है कि दो दिन की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गैंगस्टर का उज्जैन में कोई मददगार नहीं था। वह यहां अकेला ही आया था। आशंका होने पर कई लोगों को हिरासत में लिया जरूर गया था लेकिन पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया। विकास के बारे में सबसे पहले सूचना देने वाला सुरेश कहार अब मीडिया से कोई भी चर्चा करने से बच रहा है। रविवार को उसके बेटे ने कहा कि उसके पिता से पुलिस कई बिंदुओं पर पूछताछ कर चुकी है। वह सारी जानकारी पुलिस को दे चुके हैं। अब कुछ नहीं कहना चाहते।

पास से मिली थी नकदी, एक सोने की चेन और दो अंगूठी

विकास के पकड़े जाने के बाद जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब में 8,100 रुपये मिले थे। इसके अलावा गले में सोने की चेन व हाथों में सोने की दो अंगूठियां थीं। एसपी मनोज सिंह के अनुसार, विकास के साथ ही रुपये व अन्य सामान भी उप्र पुलिस को ही सौंप दिए गए थे। उज्जैन के एसपी मनोज सिंह ने बताया कि विकास पर घोषित इनाम के लिए उज्जैन पुलिस अपनी ओर से कोई प्रस्ताव बनाकर नहीं भेजेगी लेकिन यदि यूपी पुलिस जानकारी मांगेगी तो जरूर इस बारे में बताया जाएगा।

chat bot
आपका साथी