रास्ते पर आने लगा ट्विटर, केंद्र सरकार के कहने पर चार का अकाउंट किया ब्लाक

इन दोनों कलाकारों ने कृषि कानून के विरोध में आंदोलन का किया था समर्थन

इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर अब रास्ते पर आने लगा है। भारत सरकार के कहने पर इसने Twitter Account Blocked पंजाबी रैपर जैजी-बी सिडनी स्थित हिपहाप कलाकार एल-फ्रेश द लायन और दो अन्य लोगों का अकाउंट ब्लाक कर दिया है।

Arun Kumar SinghTue, 08 Jun 2021 10:20 PM (IST)

नई दिल्ली, प्रेट्र। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर अब रास्ते पर आने लगा है। भारत सरकार के कहने पर इसने पंजाबी रैपर जैजी-बी, सिडनी स्थित हिपहाप कलाकार एल-फ्रेश द लायन और दो अन्य लोगों का अकाउंट ब्लाक कर दिया है। बताते चलें कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात करते हुए ट्विटर भारत सरकार के नए आइटी नियमों को मानने में ना-नुकर करता रहा है।

पंजाबी रैपर जैजी-बी और हिपहाप कलाकार एल-फ्रेश द लायन का अकाउंट किया बंद

जसविंदर सिंह बैंस उर्फ जैजी-बी को उनकी वेबसाइट ट्रांस अटलांटिक सुपर स्टार और भांगड़ा का युवराज बताती है। पंजाब में जन्मे जैजी-बी कनाडा में पले-बढ़े हैं। उनके हिट गीतों में दिल आ गे या तेरे ते, हुस्न दी सरकार और नाग शामिल हैं। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में सिंघु बार्डर पर सरकार के कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन करने वाले किसानों का समर्थन किया था।

वे अक्सर कृषि कानून विरोधी प्रदर्शन के समर्थन में ट्वीट करते रहते हैं। सुखदीप सिंह भोगल को एल-फ्रेश द लायन के नाम से भी जाना जाता है। वे एक आस्ट्रेलियाई हिप-हाप कलाकार हैं और सिडनी में रहते हैं। उन्होंने भी कृषि कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों के पक्ष में ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हुई कथित मौतों का भी जिक्र किया था।

इन दोनों कलाकारों ने कृषि कानून के विरोध में आंदोलन का किया था समर्थन

इन दोनों कलाकारों ने इंस्टाग्राम पर इस बात की पुष्टि की कि भारत में उनका ट्विटर अकाउंट ब्लाक कर दिया गया है। ल्यूमेन डाटाबेस से मिली सूचना के अनुसार, छह जून को ट्विटर को भारत सरकार से चार अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कानूनी अनुरोध मिला था। ट्विटर को मिला अनुरोध ल्यूमेन डाटाबेस पर भी प्रकाशित है।

ल्यूमेन डाटाबेस एक स्वतंत्र शोध परियोजना है, जो प्रतिबंधित की जाने वाली आनलाइन सामग्री और संबंधित पत्रों का अध्ययन करती है। जैजी-बी और एल-फ्रेश द लायन का अकाउंट चेक करने वाले उपभोक्ताओं को एक संदेश दिखाई देता है, जिसमें कहा जाता है कि एक कानूनी मांग के जवाब में भारत में इन अकाउंटों को बंद कर दिया गया है।

ज्ञात हो कि केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए आखिरी नोटिस के जवाब में सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर ने कहा था कि ट्विटर भारत के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहा है और रहेगा। हमने भारत सरकार को आश्वासन दिया है कि ट्विटर नए दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और हमारी प्रगति का अवलोकन विधिवत साझा किया गया है। हम भारत सरकार के साथ अपनी रचनात्मक बातचीत जारी रखेंगे।

रोमांचक गेम्स खेलें और जीतें
एक लाख रुपए तक कैश अभी खेलें

This website uses cookie or similar technologies, to enhance your browsing experience and provide personalised recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.