तीन वर्ष की बच्ची ने बगैर गलती किए राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाकर बनाया रिकॉर्ड

उज्जैन की तीन वर्षीय बच्ची शंजन थम्मा का नाम सबसे कम उम्र की राष्ट्रगान जन-गण-मन राष्ट्रीय गीत वंदे-मातरम् और सारे जहां से अच्छा.. गायिका के रूप में दर्ज किया गया है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sat, 16 Nov 2019 11:28 PM (IST) Updated:Sun, 17 Nov 2019 12:09 AM (IST)
तीन वर्ष की बच्ची ने बगैर गलती किए राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाकर बनाया रिकॉर्ड
तीन वर्ष की बच्ची ने बगैर गलती किए राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाकर बनाया रिकॉर्ड

 राज्‍य ब्‍यूरो, उज्जैन। कहते हैं पूत के पांव पालने में, इस कहावत को उज्जैन की तीन वर्षीय बच्ची शंजन थम्मा खूब चरितार्थ कर रही है। गूगल गर्ल के नाम से प्रसिद्ध हो रही मध्य प्रदेश के उज्जैन की तीन वर्षीय बच्ची शंजन थम्मा का नाम अब व‌र्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया ने सबसे कम उम्र की राष्ट्रगान 'जन-गण-मन', राष्ट्रीय गीत 'वंदे-मातरम्' और देशप्रेम आधारित गीत 'सारे जहां से अच्छा..' गायिका के रूप में दर्ज किया है। गायन में उसने कोई गलती नहीं की। उसे जीनियस किड्स ऑफ इंडिया का खिताब भी दिया गया है। यह सम्मान लेने के लिए दिसंबर में उसे मुंबई आमंत्रित किया गया है।

 जीत चुकी ह‍ै कई पुरस्‍कार

दाएं और बाएं, दोनों हाथों से एक साथ लिखने में माहिर शंजन का नाम इसके पहले 'यंगेस्ट एम्बिडेक्ट्रस राइटर' के रूप में भी व‌र्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया ने दर्ज किया था। हाल ही में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड ने भी इसी श्रेणी में उनका नाम दर्ज किया था। दोनों संस्थाओं की ओर से शंजन को पुरस्कार स्वरूप स्वर्ण पदक, प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न भेजे थे। शंजन को विश्व के सभी 195 देशों के नाम राजधानी समेत मुंहजुबानी याद है। वह एयरफोर्स में पदस्थ श्रीधर थम्मा की बेटी हैं। उनकी माता मानसी गृहिणी हैं। उनका कहना है कि बेटी पीरियोडिक टेबल बताने के मामले में भी जल्द ही व‌र्ल्ड रिकॉर्ड बनाएगी।

सितंबर में किया था आवेदन

 शंजन अपने नाना-नानी और मां के साथ परवाना नगर में रहती है। मां मानसी थम्मा ने सितंबर में हैदराबाद स्थित व‌र्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया के कार्यालय को शंजना की एक सीडी आवेदन के साथ भेजी थी। इसके बाद संस्था की ओर सहमति दे दी गई थी। शनिवार को संस्था की ओर से भेजा गया स्वर्ण पदक, प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र मिला है। उज्जैन की इस छोटी सी बच्ची  शंजन की प्रतिभा का हर कोई कायल है। शंजन से उनकी मां मानसी और पूरा परिवार बहुत खुश है। उन्हें यकीन है कि उनकी बेटी बड़ी होकर दुनिया में भारत का नाम रोशन करेगी। 

chat bot
आपका साथी