कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब के दिग्गजों को साधा, पार्टी की अंदरूनी उठापटक से बाहर निकलने का दिए संकेत

पंजाब में पार्टी की अंदरूनी उठापटक से बाहर निकलने का संकेत देते हुए विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की कोशिश शुरू कर दी है। पार्टी ने सूबे में चुनाव से जुड़ी अलग-अलग समितियों का गठन कर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को साधने का दांव चला है।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 07:27 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 07:29 PM (IST)
कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब के दिग्गजों को साधा, पार्टी की अंदरूनी उठापटक से बाहर निकलने का दिए संकेत
कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब के दिग्गजों को साधा, अंदरूनी उठापटक से बाहर निकलने का दिए संकेत।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। पंजाब में पार्टी की अंदरूनी उठापटक से बाहर निकलने का संकेत देते हुए कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की कोशिश शुरू कर दी है। इस क्रम में पार्टी ने सूबे में चुनाव से जुड़ी अलग-अलग समितियों का गठन कर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को साधने का दांव चला है। वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ के साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह के धुर विरोधी रहे प्रताप सिंह बाजवा को चुनाव से जुड़ी अलग-अलग समितियों की जिम्मेदारी दी गई है।

पंजाब में पार्टी के टिकट बंटवारे के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी का भी गठन कर दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को पंजाब चुनाव से जुड़ी इन समितियों के गठन को मंजूरी दे दी। बाद में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बयान जारी कर इन नियुक्तियों की घोषणा की। कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाए जाने के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने अंबिका सोनी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया था मगर उन्होंने मना कर दिया था। इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व सूबे की सियासत में सोनी की प्रभावी भूमिका जारी रखने के पक्ष में है।

इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रदेश चुनाव समन्वय समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की अति मुखरता पर सवाल उठा रहे पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ को भी हाईकमान ने तवज्जो देते हुए चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया है। प्रताप सिंह बाजवा को भी पार्टी चुनाव घोषणा-पत्र समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पंजाब चुनाव में राजनीतिक दलों की ओर से जिस तरह के लोक लुभावने वादे किए जा रहे हैं उससे घोषणा पत्र की अहमियत बढ़ गई है।

पंजाब में पार्टी के उम्मीदवारों के चयन को गति देने के लिए राजस्थान के प्रभारी कांग्रेस महासचिव अजय माकन की अगुआई में स्क्रीनिंग कमेटी का भी गठन हो गया है। चंदन यादव और कृष्णा अल्लावरू कमेटी के सदस्य बनाए गए हैं। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी के नाते हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, मुख्यमंत्री चरणजीत स‍िंह चन्नी, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष सुनील जाखड़ के अलावा पंजाब कांग्रेस के सभी सचिव स्क्री¨नग कमेटी के सदस्य होंगे।

chat bot
आपका साथी