देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पड़ी धीमी, केरल में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले, 8 राज्यों में 84 फीसद नए केस

देश में 84 फीसद नए मामले सिर्फ आठ राज्यों में ही मिले हैं। इन राज्यों में केरल महाराष्ट्र छत्तीसगढ़ तमिलनाडु कर्नाटक गुजरात बंगाल और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इनके अलावा अन्य राज्यों में महामारी की स्थिति नियंत्रण में है।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 08:25 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 08:25 PM (IST)
देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पड़ी धीमी, केरल में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले, 8 राज्यों में 84 फीसद नए केस
अब तक एक करोड़ दो लाख से अधिक लोग महामारी से उबरे।

जेएनएन, नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी हो रही है। पिछले लगभग 15 दिनों से रोज 20 हजार से कम नए मामले सामने आ रहे हैं। इस हफ्ते मंगलवार को तो नए मामलों की संख्या 10 हजार के पास पहुंच गई थी। नए मामलों में गिरावट और अधिक संख्या में मरीजों के ठीक होने से सक्रिय मामलों में भी लगातार कमी आ रही है। वर्तमान में सक्रिय मामले दो लाख से भी नीचे चले गए हैं। मरने वालों की संख्या भी 200 से नीचे बनी हुई है।

एक करोड़ दो लाख से अधिक लोग कोरोना महामारी से उबरे

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 14,545 नए केस मिले हैं, 18,002 मरीज ठीक हुए हैं और 163 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ छह लाख 25 हजार को पार कर गया है। अब तक एक करोड़ दो लाख 83 हजार से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं और 1,53,032 लोगों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.78 फीसद हो गई है और मृत्युदर 1.44 फीसद पर बनी हुई है।

केरल में सबसे ज्यादा 69,998 कोरोना के सक्रिय मामले

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों की संख्या 1,88,688 रह गई है, जो कुल मामलों का 1.78 फीसद है। केरल में सबसे ज्यादा 69,998 और महाराष्ट्र में 46,836 सक्रिय मामले हैं।

देशभर में आठ लाख कोरोना नमूनों का टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक, कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को देशभर में आठ लाख 242 नमूनों का परीक्षण किया गया। संस्था के मुताबिक, 21 जनवरी तक पूरे देश में 19 करोड़ से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

यूपी समेत आठ राज्यों में 84 फीसद नए केस

मंत्रालय ने बताया कि 84 फीसद नए मामले सिर्फ आठ राज्यों में ही मिले हैं। इन राज्यों में केरल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, कर्नाटक, गुजरात, बंगाल और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इनके अलावा अन्य राज्यों में महामारी की स्थिति नियंत्रण में है। रोजाना कोरोना महामारी के चलते मरने वालों की संख्या भी ज्यादातर राज्यों में 10 से नीचे है।

chat bot
आपका साथी