मुंबई में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने तोड़ा अदाणी का साइन बोर्ड
महाराष्ट्र में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास लगे अडानी साइनबोर्ड में तोड़फोड़ की। इस हवाई अड्डे का संचालन अब अडानी ग्रुप के हाथ में है। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने हवाईअड्डे पर लगे ‘अडानी एयरपोर्ट’ के बोर्ड को नुकसान पहुंचाया।
मुंबई, राज्य ब्यूरो। मुंबई में हवाई अड्डे के निकट लगा अदाणी का साइन बोर्ड सोमवार की दोपहर शिवसैनिकों ने तहस-नहस कर दिया। अदाणी समूह ने इसी वर्ष जुलाई में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय विमानतल के प्रबंधन की 74 फीसद भागीदारी खरीदी है। रविवार रात को अदाणी समूह ने विमानतल के टी-2 टर्मिनस प्रवेशद्वार पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने नियान लाइट का अंग्रेजी में लिखा 'अदाणी एयरपोर्ट' का साइन बोर्ड लगा दिया था। सोमवार को दोपहर बाद शिवसेना की श्रमिक शाखा भारतीय कामगार सेना के करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर अदाणी का साइन बोर्ड ध्वस्त कर वहां भगवा ध्वज फहरा दिया।
कामगार सेना के कार्यकर्ताओं ने साइन बोर्ड तोड़कर भगवा ध्वज फहरा दिया
भारतीय कामगार सेना के सचिव संजय कदम कहते हैं कि विमानतल का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय विमानतल है। जिस कंपनी को सिर्फ एयरपोर्ट चलाने की जिम्मेदारी दी गई है, वह छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम बदलने का साहस कैसे कर सकती है? और आप हमसे इस मुद्दे पर चुप रहने की उम्मीद भी कैसे कर सकते हैं? भारतीय कामगार सेना के अध्यक्ष एवं दक्षिण मुंबई से सांसद अरविंद सावंत भी कहते हैं कि यह छत्रपति शिवाजी महाराज के अपमान से अधिक और कुछ भी नहीं है।
महाराष्ट्र सरकार में साझेदार राकांपा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख दिखाते हुए अदाणी समूह की भर्त्सना की है। राकांपा के प्रवक्ता एवं महाविकास अघाड़ी सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने कहा है कि अदाणी समूह सिर्फ विमानतल का प्रबंधन देखता है। विमानतल के नाम में हस्तक्षेप करने का उसे कोई अधिकार नहीं है।
अदाणी समूह ने दी सफाई
अदाणी समूह की ओर से इस मामले में सफाई दी गई है। उसके प्रवक्ता के अनुसार अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग लि. (एएएचएल) ने सिर्फ पूर्व प्रबंधकर्ता जीवीके की ब्रांडिंग को अपनी ब्रांडिंग से बदला था। मुंबई विमानतल के टíमनल पर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय विमानतल की ब्रांडिंग में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय विमानतल की ब्रांडिंग एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया (एएआइ) के दिशानिर्देशों के अनुसार ही की जा रही है।