कांग्रेस नेता शशि थरूर की डिक्शनरी से निकला नया शब्द 'पोगोनोट्राफी', ट्विटर पर छिड़ गई बहस
अंग्रेजी के मुश्किल और अप्रचलित शब्दों के उपयोग के लिए मशहूर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को एक बार ट्विटर पर फिर से बहस छेड़ दी जब उन्होंने पोगोनोट्राफी (Pogonotrophy) शब्द का उपयोग किया। यह पहली बार नहीं है जब थरूर ने अंग्रेजी का अप्रचलित शब्द इस्तेमाल किया हो।
नई दिल्ली, प्रेट्र। अंग्रेजी के मुश्किल और अप्रचलित शब्दों के उपयोग के लिए मशहूर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को एक बार ट्विटर पर फिर से बहस छेड़ दी जब उन्होंने 'पोगोनोट्राफी' (Pogonotrophy) शब्द का उपयोग किया। दरअसल, ट्विटर पर एक महिला यूजर ने कहा कि वह उनसे एक नया शब्द सीखना चाहती है। थरूर ने कहा कि उन्होंने अपने एक मित्र से एक नया शब्द सीखा है पोगोनोट्राफी, जिसका अर्थ दाढ़ी बढ़ाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए इस शब्द का उपयोग किया।
थरूर ने ट्वीट किया, 'मेरे मित्र रतिन राय ने मुझे एक नया शब्द सिखाया है : पोगोनोट्राफी। जैसा कि प्रधानमंत्री महामारी के दौरान दाढ़ी बढ़ाते रहे।' उनके इस ट्वीट के बाद ट्विटर पर इस शब्द को लेकर बहस छिड़ गई। एक यूजर ने ट्वीट किया कि अगर दुनिया के पास ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी है तो भारत के पास थरूर डिक्शनरी क्यों नहीं है? एक अन्य ने कहा थरूरिशनरी से इसे साझा करने के लिए धन्यवाद।
थरूर पहले भी कर चुके हैं सिर चकरा देने वाले शब्दों का इस्तेमाल
यह पहली बार नहीं है जब थरूर ने अंग्रेजी का अप्रचलित शब्द इस्तेमाल किया हो और इसे लेकर ट्विटर पर बहस छिड़ी हो। मई में शशि थरूर का ट्विटर पर टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव से दोस्ताना संवाद में सिर चकरा देने वाला शब्द इस्तेमाल किया था। उन्होंने 'फ्लॉक्सिनोसिनीहिलिपिलिफिकेशन' (floccinaucinihilipilification) शब्द का इस्तेमाल किया था। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के अनुसार इस शब्द का अर्थ किसी चीज को बेकार मानने की आदत है।
खलीज टाइम्स' की वीकेंड मैगजीन में शब्दों साप्ताहिक कॉलम
अतीत में, उन्होंने 'फैरागो' (farrago) और 'ट्रोग्लोडाइट' (troglodyte) जैसे शायद ही कभी इस्तेमाल किए जाने वाले अंग्रेजी शब्दों के साथ लोगों को सोच में डाल दिया। फैरागो का अर्थ है एक भ्रमित मिश्रण। वहीं ट्रोग्लोडाइट का अर्थ है एक व्यक्ति जिसे जानबूझकर अज्ञानी या पुराने जमाने का माना जाता है। थरूर ने दुबई के 'खलीज टाइम्स' की वीकेंड मैगजीन में शब्दों पर एक नया साप्ताहिक कॉलम भी शुरू किया है।