छोटी बहन की इज्जत बचाने दरिंदे से भिड़ी सात साल की बड़ी बहन, मकान मालिक को किया घायल

बड़ी बहन ने छोटी बहन को बचाने के लिए युवक के सिर पर भगोनी से कई वार किए। आरोपित मकान मालिक लहूलुहान हो गया तो छोटी बहन को लेकर घर से बाहर आ गई।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sun, 22 Sep 2019 12:09 AM (IST) Updated:Sun, 22 Sep 2019 12:10 AM (IST)
छोटी बहन की इज्जत बचाने दरिंदे से भिड़ी सात साल की बड़ी बहन, मकान मालिक को किया घायल
छोटी बहन की इज्जत बचाने दरिंदे से भिड़ी सात साल की बड़ी बहन, मकान मालिक को किया घायल

ग्वालियर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चार साल की बहन की इज्जत बचाने के लिए सात वर्षीय मासूम एक दरिंदे से भिड़ गई। मकान मालिक बच्ची के साथ गलत काम कर रहा था। छोटी बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन ने पास में रखी स्टील की भगोनी (पानी रखने का पात्र) दरिंदे के सिर पर कई बार मारी।

जब आरोपित मकान मालिक लहूलुहान हो गया तो छोटी बहन को लेकर घर से बाहर आ गई। वारदात के वक्त बच्चियों के माता-पिता घर में नहीं थे। बड़ी बहन ने पास ही रहने वाली आंटी को वारदात की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, 15 दिन पहले उत्तर प्रदेश के जालौन का एक मजदूर परिवार ग्वालियर के थाटीपुर के गल्ला कोठार में 40 वर्षीय युवक के यहां रहने आया है। परिवार में पति-पत्नी और तीन बच्चियां हैं। शुक्रवार सुबह बच्चियों का पिता मजदूरी पर और मां काम पर गई थी। दोपहर में तीनों बच्चियां आंगन में खेल रही थीं।

तभी मकान मालिक वहां पहुंचा और चार साल की मासूम को टॉफी का लालच देकर अपने साथ कमरे में ले गया। यहां वह उसके साथ गलत काम करने का प्रयास करने लगा। इसी समय आंगन में खेल रही उसकी बड़ी बहन उसको ढूंढते हुए कमरे में पहुंच गई।

बड़ी बहन ने छोटी बहन को बचाने के लिए युवक के सिर पर भगोनी से कई वार किए। घायल आरोपित ने जैसे ही मासूम को छोड़ा, बड़ी बहन उसे लेकर आंटी के घर चली गई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर रात को ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

chat bot
आपका साथी