कोरोना राउंडअप : जम्‍मू में रात 10 से सुबह पांच बजे तक सभी गैर-जरूरी गतिविधियों पर रोक, महाराष्ट्र में 6,190 नए केस, जानें बाकी राज्‍यों का हाल

जम्मू जिला मजिस्ट्रेट ने 30 नवंबर तक जिले में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे के बीच सभी गैर-जरूरी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने यह आदेश कोरोना महामारी पर रोकथाम के मकसद से उठाया है। 

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 30 Oct 2020 10:51 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 11:38 AM (IST)
कोरोना राउंडअप : जम्‍मू में रात 10 से सुबह पांच बजे तक सभी गैर-जरूरी गतिविधियों पर रोक, महाराष्ट्र में 6,190 नए केस, जानें बाकी राज्‍यों का हाल
जम्‍मू में 30 नवंबर तक रात 10 बजे से सुबह पांच बजे के बीच सभी गैर-जरूरी गतिविधियों पर रोक रहेगी...

नई दिल्‍ली/जम्‍मू, जेएनएन/नई दिल्‍ली। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में भारत को एक और कामयाबी मिली है। करीब तीन महीने बाद सक्रिय मरीजों (जिनका इलाज चल रहा है) की संख्या छह लाख से कम हुई है। ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और संक्रमण से उबरने की दर 91 फीसद से अधिक हो गई है। हालांकि, 48 हजार से अधिक नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या भी 81 लाख को पार कर गई है। वहीं जम्‍मू प्रशासन ने संक्रमण पर रोकथाम के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। 

जम्‍मू में रात को सभी गैर-जरूरी गतिविधियों पर रोक

जम्मू जिला मजिस्ट्रेट (Jammu District Magistrate) ने शुक्रवार से 30 नवंबर तक जिले में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे के बीच सभी गैर-जरूरी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाने का आदेश जारी किया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, प्रशासन ने यह आदेश कोरोना महामारी पर रोकथाम के मकसद से उठाया है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक, जम्‍मू-कश्‍मीर में शुक्रवार को 566 नए केस मिले। राज्‍य अब तक 94,330 हजार मामले सामने आए। राज्‍य में संक्रमण से अब तक 1,471 लोगों की मौत हुई है। 

देश में 8,772 नए मामले मिले 

समाचार एजेंसी पीटीआइ की तरफ से शुक्रवार रात नौ बजे जारी टैली के मुताबिक गुरुवार देर रात से अब तक 48,772 नए केस मिले हैं, 59,209 मरीज ठीक हुए हैं और 507 और लोगों की जान गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 81.33 लाख और ठीक हुए मरीजों की संख्या 74.28 लाख हो गई है। वहीं, 1,21,529 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है। 507 मौतों में सबसे अधिक महाराष्ट्र में 127, केरल में 28, उत्तर प्रदेश में 24, आंध्र प्रदेश में 17 और ओडिशा में 11 मौतें शामिल हैं।

80.88 लाख हुआ संक्रमितों का आंकड़ा 

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमित 80.88 लाख हो गए हैं। अब तक 73.73 लाख मरीजों ने महामारी को मात दी है और 1.21 लाख की मौत भी हो चुकी है। सक्रिय मामले 5.94 लाख हैं जो संक्रमितों का 7.35 फीसद और एक दिन पहले के मुकाबले 9,301 कम है। इससे पहले छह अगस्त को सक्रिय मामलों की संख्या 5.95 लाख थी। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 91.15 फीसद हो गई है। मृत्युदर गिरकर 1.50 फीसद और संक्रमण की दर 7.54 फीसद पर आ गई है।

गुरुवार को 11.64 लाख कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को 11,64,648 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर 29 अक्टूबर तक कुल 10 करोड़ 77 लाख 28 हजार 088 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

केरल में लगातार मिल रहे सबसे अधिक नए केस

केरल में देश के किसी भी राज्य से अधिक नए मामलों का मिलना जारी है। पिछले सप्ताह केरल में औसत मामले पहली बार महाराष्ट्र से अधिक रहे। राज्य में 6,638 नए केस मिले हैं, जबकि महाराष्ट्र में 6,190 नए मामले सामने आए हैं। इन दो राज्यों को छोड़कर लगभग सभी राज्यों में पांच हजार से नीचे ही नए मामले मिल रहे हैं। केरल में कुल संक्रमित 4.12 लाख और महाराष्ट्र में 16.72 लाख हो गए हैं। महाराष्ट्र में और 127 मरीजों की मौत हुई है जबकि केरल में 28 और लोगों की जान गई है।

आंध्र प्रदेश में तीन हजार से कम नए मामले

आंध्र प्रदेश में तीन हजार से कम नए केस मिले हैं। 2,886 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 8.20 लाख हो गया है। तेलंगाना में 1,531 नए मामलों के साथ कुल 2.37 लाख मरीज अब तक सामने आ चुके हैं। ओडिशा, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भी लगातार नए मामले कम हो रहे हैं। इन राज्यों में क्रमश: 1,547, 2,237 और 969 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2.88 लाख, 4.80 लाख और 1.72 लाख हो गया है।

chat bot
आपका साथी