Record in world: देश में एक दिन में 4.16 लाख कोरोना मरीज हुए ठीक, महाराष्ट्र में एक हजार लोगों ने तोड़ा दम

कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत के लिए सोमवार का दिन राहत देने वाला रहा। चार लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से संक्रमण मुक्त हुए दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीज ठीक नहीं हुए हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 12:53 AM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 12:53 AM (IST)
Record in world: देश में एक दिन में 4.16 लाख कोरोना मरीज हुए ठीक, महाराष्ट्र में एक हजार लोगों ने तोड़ा दम
केरल में एक दिन में रिकॉर्ड एक लाख मरीज ठीक हुए हैं।

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत के लिए सोमवार का दिन राहत देने वाला रहा। चार लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से संक्रमण मुक्त हुए, दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में मरीज ठीक नहीं हुए हैं। यही नहीं केरल में रिकॉर्ड एक लाख मरीज ठीक हुए हैं। हालांकि, दैनिक मौत के मोर्चे पर स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है और चार हजार से ज्यादा मौतों का सिलसिला जारी है। अकेले महाराष्ट्र में ही हजार मौतें हुई हैं।

एक दिन में 4,16,580 लाख कोरोना मरीज हुए ठीक

देर रात तक मिले आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 4,16,580 मरीज पूरी तरह से ठीक हुए हैं, इनमें से अकेले केरल के ही 99,651 मरीज शामिल हैं। इस दौरान 2,60,080 नए संक्रमित पाए गए हैं, इसमें झारखंड के मामले शामिल नहीं हुए हैं, क्योंकि समाचार लिखते तक राज्य के आंकड़े नहीं मिले थे। महामारी से 4,270 और लोगों की मौत भी हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में एक हजार मौतें हुई हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा दो करोड़ 52 लाख 25 हजार से अधिक हो गया है। इनमें से दो करोड़ 15 लाख 84 हजार मरीज ठीक हो चुके हैं और 2,78,684 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है।

पांच दिन में साढ़े तीन लाख घटे एक्टिव केस

पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामलों से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। इसका असर सक्रिय मामलों यानी एक्टिव केस पर नजर आ रहा है। पिछले एक दिन में सक्रिय मामले 1.60 लाख कम हुए हैं। वर्तमान में एक्टिव केस 33,51,728 हैं। 13 मई को 37 लाख से ज्यादा सक्रिय केस थे।

मामले कम होने वाले राज्यों में भी मौतें ज्यादा

महाराष्ट्र में सोमवार को रिकॉर्ड 1,000 मौतें हुईं। जबकि नए मामले 30 हजार से भी नीचे आ गए हैं। कर्नाटक में 476, दिल्ली में 340, तमिलनाडु में 335, उत्तर प्रदेश में 271, उत्तराखंड में 223, पंजाब में 191, राजस्थान में 157, बंगाल में 147, हरियाणा में 114 और आंध्र प्रदेश में 109 और मरीजों की मौत हुई है। इनमें से अधिकतर राज्यों में सक्रिय मामलों की संख्या लगातार कम हो रही है।

रविवार को 15.73 लाख कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए रविवार को देश भर में 15,73,515 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 31 करोड़ 64 लाख 23 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

ज्यादा नए केस वाले राज्य :

राज्य                  नए मामले        कुल संक्रमित (लाख में)

कर्नाटक             38,603          22.42

तमिलनाडु           33,075          16.31

महाराष्ट्र               26,616         54.05

केरल                  21,402         21.69

बंगाल                 19,003         11.52

आंध्र प्रदेश           18,561        14.54

राजस्थान            11,597            8.71

उत्तर प्रदेश          9,345          16.28

हरियाणा              7,488           7.01

गुजरात               7,135            7.59

पंजाब                6,881            5.04

छत्तीसगढ़           6,577            9.19

मध्य प्रदेश          5,921            7.37

बिहार                5,920            6.57

दिल्ली               4,524           13.98

उत्तराखंड         3,719             2.91

हिमाचल प्रदेश   3,546            1.63

जम्मू-कश्मीर     3,344           2.47

chat bot
आपका साथी