शिल्पा ने पति राज कुंद्रा को निर्दोष बता उनके बहनोई पर दोष मढ़ा, जानें केस से जुड़े सभी अपड्टेस

अश्लील फिल्में बनाकर एप के जरिये लोगों को दिखाने के मामले में हर दिन नई जानकारी सामने आ रही है। इस मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा की पत्नी शिल्पा शेट्टी ने अपने पति को निर्दोष बताते हुए इस मामले का ठीकरा राज के लंदन निवासी बहनोई पर फोड़ दिया है।

By Pooja SinghEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 11:10 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 11:10 PM (IST)
शिल्पा ने पति राज कुंद्रा को निर्दोष बता उनके बहनोई पर दोष मढ़ा, जानें केस से जुड़े सभी अपड्टेस
शिल्पा ने पति राज कुंद्रा को निर्दोष बता उनके बहनोई पर दोष मढ़ा

मुंबई, एएनआइ। अश्लील फिल्में बनाकर एप के जरिये लोगों को दिखाने के मामले में हर दिन नई जानकारी सामने आ रही है। इस मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा की पत्नी और फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपने पति को निर्दोष बताते हुए इस मामले का ठीकरा राज के लंदन निवासी बहनोई पर फोड़ दिया है।

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने शुक्रवार को मुंबई पुलिस को बताया कि राज के लंदन निवासी बहनोई प्रदीप बख्शी ही हाटशाट एप और इसके कामकाज से जुड़े थे। शिल्पा ने कहा कि उन्हें हाटशाट एप की सामग्री के बारे में सटीक पता नहीं था। उन्होंने यह भी दावा है कि इस एप से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने अपने पति को भी निर्दोष बताया।

उल्लेखनीय है यह एप अश्लील फिल्मों से जुड़ा है। इस मामले में शिल्पा के पति राज कुंद्रा मुख्य आरोपित हैं और इस समय पुलिस की हिरासत में हैं। मुंबई पुलिस के सूत्रों ने कहा कि शिल्पा शेट्टी ने पूछताछ में यह भी उल्लेख किया कि इरोटिका की अश्लील साम्रगी से अलग होती है। उन्होंने अन्य ओटीटी प्लेटफार्म पर इरोटिका सामग्री की भरमार होने के बारे में भी बताया, जिसे अश्लील नहीं माना जाता है।

उल्लेखनीय है मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के आवास पर छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने उनके आवास से एक हार्ड डिस्क और एक कंप्यूटर जब्त किया। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या शिल्पा शेट्टी ने पूरे रैकेट में सक्रिय भूमिका निभाई थी, जिसमें उनके पति मुख्य आरोपित हैं।

मुंबई पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि  अश्लील रैकेट से कमाए गए पैसे शिल्पा शेट्टी के खाते में गए या नहीं। मुंबई की एक अदालत ने शुक्रवार को राज कुंद्रा और उनके सहयोगी रेयान थोरपे को 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था। मुंबई पुलिस ने अदालत को बताया था कि उन्हें संदेह है कि अश्लील फिल्मों से अर्जित धन का इस्तेमाल आनलाइन सट्टेबाजी के लिए किया गया।

कुंद्रा पर पीएमएलए, फेमा के तहत दर्ज हो सकता है मामला

राज कुंद्रा को जल्द ही मनी लांड्रिंग और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के मामलों का सामना करना पड़ सकता है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जल्द ही इन अधिनियमों के तहत मामले दर्ज करने पर विचार कर रहा है।सूत्रों ने कहा कि इस मामले में केंद्रीय एजेंसी 26 जुलाई के बाद कभी भी इस महीने के अंत तक धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) और फेमा के तहत कुंद्रा के खिलाफ मामला दर्ज कर सकती है।

पता चला है कि मुंबई पुलिस प्रोटोकाल के अनुसार ईडी को इस मामले में वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने के लिए सूचित करेगी जिसमें विदेशी मुद्रा का उल्लंघन भी शामिल है। ईडी मामला दर्ज कर जांच शुरू करने से पहले मुंबई पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआइआर) की प्रति लेगी। ईडी अपने मुंबई कार्यालय में पूछताछ शुरू करने से पहले कुंद्रा के खिलाफ पीएमएलए और फेमा के तहत समन जारी कर सकती है।

धमकियां मिलने पर माडल ने दर्ज कराई शिकायत

अश्लील फिल्मों के मामले में गिरफ्तार राज कुंद्रा पर आरोप लगाने वाली माडल माडल सागरिका शोना सुमन ने शुक्रवार को मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। माडल का कहना है कि कुंद्रा के खिलाफ आरोप लगाने के बाद इंटरनेट मीडिया पर उसे धमकी भरे मैसेज और अश्लील काल आ रहे हैं। लोग उन्हें दुष्कर्म और हत्या करने तक की धमकी दे रहे हैं।

सागरिका ने बताया कि उसके फेसबुक और इंस्टाग्राम मैसेंजर अकाउंट पर पिछले तीन दिनों से कई धमकी भरे, अपमानजनक और अश्लील मैसेज और काल आ चुके हैं। सागरिका ने बताया कि धमकियां मिलने पर उसने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट अस्थायी रूप से निष्किय कर दिए हैं। माडल ने कहा कि वह राज कुंद्रा के खिलाफ मामले की किसी भी जांच में शामिल होने को तैयार हैं। उल्लेखनीय है सागरिका ने ही मीडिया में सामने आकर राज कुंद्रा की करतूतों के बारे में जानकारी दी थी।

chat bot
आपका साथी