भारतीय पनडुब्बी को अपने जल क्षेत्र में रोकने के पाकिस्तान के दावे की खुली पोल

पाकिस्तान के उस दावे की पोल खुल गई है कि उसने पिछले सप्ताह अपने जल क्षेत्र में भारतीय पनडुब्बी को घुसने से रोका था। दरअसल भारतीय नौसेना के सूत्रों ने ऐसे विवरण पेश किए हैं जो बताते हैं कि पनडुब्बी पाकिस्तान के जल क्षेत्र से बहुत दूर मौजूद थी

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 06:52 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 09:10 PM (IST)
भारतीय पनडुब्बी को अपने जल क्षेत्र में रोकने के पाकिस्तान के दावे की खुली पोल
पाकिस्तान के दावे की पोल खुल गई है

 नई दिल्ली, प्रेट्र। पाकिस्तान के उस दावे की पोल खुल गई है कि उसने पिछले सप्ताह अपने जल क्षेत्र में भारतीय पनडुब्बी को घुसने से रोका था। दरअसल, भारतीय नौसेना के सूत्रों ने ऐसे विवरण पेश किए हैं, जो बताते हैं कि पनडुब्बी पाकिस्तान के जल क्षेत्र से बहुत दूर मौजूद थी। नौसेना के सूत्रों ने कहा, पाकिस्तान का जल क्षेत्र उसके तट से 12 समुद्री मील तक फैला हुआ है।

वहीं, सामने आए विवरण से पता चलता है कि पनडुब्बी की लोकेशन कराची बंदरगाह से 150 समुद्री मील दूर थी, जो पाकिस्तान की जल सीमा से बहुत आगे है। ऐसे में पाकिस्तान का दावा विश्वसनीय नहीं है। हालांकि, पाकिस्तान के दावे पर भारतीय नौसेना की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पाक का आरोप, भारतीय पनडुब्बी ने की उसके क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश

गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को दावा किया था कि उसकी नौसेना के गश्ती विमान ने 16 अक्टूबर को भारतीय पनडुब्बी को उसके जल क्षेत्र में आते हुए देखा था। जिसके बाद उसकी नौसेना ने भारतीय पनडुब्बी का पता लगाया और रास्ता रोका। पाकिस्तानी सेना ने अपने दावे को मजबूत करने के लिए एक वीडियो फुटेज भी जारी किया था।

इससे पहले भी दो बार की घुसपैठ

पाकिस्तानी सेना ने बयान जारी कर कहा था मार्च 2019 और नवंबर 2016 में भी भारतीय पनडुब्बी ने उसके जल क्षेत्र में घुसने की कोशिश की थी, जिसे विफल कर दिया गया था। मौजूदा हालात को देखते हुए देश की समुद्री सीमाओं की निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी