ओमिक्रोन वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच जाम्बिया से पुणे लौटा शख्स मिला कोरोना संक्रमित

भारत में अबतक ओमिक्रोन वैरिएंट का मामला सामने नहीं आया है। जाम्बिया से पुणे लौटे शख्स के कोरोना संक्रमित मिलने से टेंशन बढ़ गई है। हालांकि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह कौन से वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है।

By TaniskEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 05:44 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 05:44 PM (IST)
ओमिक्रोन वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच जाम्बिया से पुणे लौटा शख्स मिला कोरोना संक्रमित
जाम्बिया से पुणे लौटे शख्स के कोरोना संक्रमित मिलने से टेंशन बढ़ी।

नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना वायरस के नए ओमिक्रोन वैरिएंट के कारण पूरा विश्व दहशत में है। दुनियाभर के एक दर्जन से ज्यादा  देशों में इसके मामले सामने आ गए हैं, लेकिन भारत में अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। इस बीच जाम्बिया से पुणे लौटे शख्स के कोरोना संक्रमित मिलने से टेंशन बढ़ गई है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि वह कौन से वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। इसकी जानकारी उसके सैंपल की जिनोम सिक्वेंसिंग के बाद ही मिलेगी। 

समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार 25 नवंबर को जाम्बिया से पुणे लौटा यह व्यक्ति संक्रमित पाया गया। वह 20 नवंबर को जाम्बिया से मुंबई लौटा और फिर वहां से टैक्सी से पुणे की आया। उसका सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है और उस पर रिपोर्ट का इंतजार है। राहत की बात यह है कि पुणे नगर निगम ने उसके परिवार के सदस्यों और उसके साथ मुंबई से पुणे आने वाले ड्राइवर का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया गया है और उन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। संक्रमित पाया गया व्यक्ति लगभग 60 वर्ष का है और उसमें कोरोना का कोई लक्षण नहीं है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह होम आइसोलेशन में है।  

दक्षिण अफ्रीका से ठाणे लौटा व्यक्ति मिला कोरोना संक्रमित

बता दें कि दक्षिण अफ्रीका से ठाणे जिले के डोंबिवली लौटा एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि वह ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित है। यह शख्स केपटाउन से 24 नवंबर को डोंबिवली लौटा। दक्षिण अफ्रीका से वह दिल्ली आया था। इसके बाद पुणे पहुंचा।

कर्नाटक में भी दक्षिण अफ्रीका से लौटे दो लोग संक्रमित पाए गए

हाल ही में कर्नाटक में भी दक्षिण अफ्रीका से लौटे दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, उनके भी ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चिंता बात यह है कि इनमें से एक के नमूने में डेल्टा वैरिएंट से अलग तरह का वैरिएंट मिला है।  के स्वास्थ्य मंत्री डा. के. सुधारकर ने यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्ति ओमिक्रोन से संक्रमित है या नहीं इस बारे में वो आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कह सकते। इसके लिए राज्य सरकार केंद्र और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषषद (आइसीएमआर) के संपर्क में है।

दक्षिण अफ्रीका से चंडीगढ़ लौटा शख्स मिला संक्रमित

दक्षिण अफ्रीका से लौटे एक 39 वर्षीय व्यक्ति ने सोमवार को चंडीगढ़ में कोरोना से संक्रमित पाया गया। वह व्यक्ति 21 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। उसके दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद, स्वास्थ्य अधिकारियों हवाई अड्डे पर आरटी-पीसीआर टेस्ट किया था। तब वह नेगेटिव पाया गया था। इसके बाद उसे होम क्वारंटाइन कर दिया गया। फिर सात दिनों के बाद टेस्ट होने पर वह संक्रमित पाया गया। इस बीच, उसके संपर्क में आए दो और लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से एक उसके परिवार का सदस्य है। वहीं एक उसका नौकर है। परिवार के दो अन्य सदस्यों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और एक सदस्य की रिपोर्ट का इंतजार है। वह कोरोना के कौन से वैरिएंट से संक्रमित है इसका पता लगाने के लिए उसका सैंपल दिल्ली भेजा गया है। 

बोत्सवाना से मध्य प्रदेश पहुंची महिला मिली कोरोना संक्रमित

इसके अलावा बोत्सवाना से मध्य प्रदेश पहुंची एक महिला भी कोरोना से संक्रमित पाई गई है। उसको जबलपुर के सेना के आइसोलेशन सेंटर में रखा गया है। बोत्सवाना दूतावास के जरिए जबलपुर जिला प्रशासन महिला से संपर्क करने की कोशिश में है।

chat bot
आपका साथी