जानें- कितने देशों में सामने आ चुके हैं Omicron Variant के मामले, इसे क्‍यों कहा जा रहा सुपर म्‍यूटेंट

भारत समेत कई अन्य देशों ने दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रान को लेकर अलर्ट जारी किया है। B.1.1.529 के रूप में पहचाने जाने वाले नए वैरिएंट को बेहद संक्रामक सुपर-म्यूटेंट कोविड वैरिएंट कहा जा रहा है।

By Amit SinghEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 12:58 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 01:44 PM (IST)
जानें- कितने देशों में सामने आ चुके हैं Omicron Variant के मामले, इसे क्‍यों कहा जा रहा सुपर म्‍यूटेंट
ओमीक्रान वैरिएंट के चलते कई देश लगातार एहतियाती कदम उठा रहे हैं।

नई दिल्ली (एएफपी): भारत समेत कई अन्य देशों ने दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रान को लेकर अलर्ट जारी किया है। B.1.1.529 के रूप में पहचाने जाने वाले, नए वैरिएंट को 'बेहद संक्रामक' सुपर-म्यूटेंट कोविड वैरिएंट कहा जा रहा है। साथ ही ऐसी आशंका जताई जा रही है कि, यह वैरिएंट वैक्सीन को 40 फीसदी तक कम प्रभावी कर देगा।

कोविड-19 वायरस के इस स्ट्रेन में 32 म्यूटेशन हैं, जिसके चलते जानकारों का ऐसा मानना है कि, यह वैरिएंट बेहद संक्रामक और वैक्सीन को कम प्रभावी करने का काम करेगा। इस वैरिएंट के स्पाइक प्रोटीन में किसी भी अन्य वैरिएंट की तुलना में ज्यादा परिवर्तन नजर आ रहे हैं। आपको बता दें, दिसंबर 2020 में दक्षिण अफ्रीका ही बीटा वैरिएंट की उपस्थिति की रिपोर्ट करने वाला पहला देश था। जो बाद में करीब 70 देशों में फैल गया। मौजूदा परिस्थितियों में निम्न देशों से कोविड के B.1.1.529 वैरिएंट के मामले सामने आए हैं:-

उन देशों की सूची जहां बी.1.1.529 का पता चला है:-

दक्षिण अफ्रीका: यहां अभी तक B.1.1.529 वैरिएंट के कुल 22 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। साथ ही खबर है कि, पॉजिटिव मामलों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। एनआईसीडी के कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर एड्रियन प्योरन ने अपने एक बयान में कहा है कि, "यह आश्चर्य की बात नहीं है कि दक्षिण अफ्रीका में एक नए संस्करण का पता चला है। हालांकि हमारे पास नए वैरिएंट की सीमित जानकारी है, लेकिन हमारे विशेषज्ञ नए वैरिएंट को समझने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। ताकी इस वैरिएंट की बारीकियों के बारे में समझा जा सके।

बोत्सवाना: बोत्सवाना में भी COVID के नए स्ट्रेन का पता चला है। इंपीरियल कॉलेज के एक वायरोलॉजिस्ट डॉ. टॉम पीकॉक के मुताबिक बोत्सवाना में पाए गए वैरिएंट में म्यूटेशन बेहद ही संवेदनशील है। उन्होंने अपने एक बयान में कहा है कि, यहां पाए गए B.1.1.1.529 वैरिएंट का नाम अगर “बद से बदतर” दिया जाए तो उसमे कोई बुराई नहीं होगी। यहां स्थितियां बहुत गंभीर हैं।

इज़राइल: इजराइल स्वास्थ्य मंत्रालय से जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने मलावी से लौटे एक यात्री में नए कोरोना वायरस वैरिएंट के बारे में पता चला था। इस व्‍यक्ति को पहले ही कोरोना वैक्‍सीन की दोनों खुराक मिल चुकी थी। इस व्‍यक्ति को अन्‍य दो लोगों के साथ आइसोलेशन में रखकर जांच की जा रही है। 

हॉन्ग कॉन्ग: कोविड का नया वेरिएंट हांगकांग में भी पाया गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो हांगकांग पहुंचने वाले यात्रियों में नए स्ट्रेन के दो मामले पाए गए हैं।

बेल्जियम: बेल्जियम सरकार ने शुक्रवार को पुष्टी करते हुए बताया है कि, देश में यूरोप के पहले B.1.1.1.529 कोविड-19 वैरिएंट मामले का पता चला है। बताया जा रहा है कि, पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति का टीकाकरण नहीं हुआ है और वो हाल ही में विदेश यात्रा से वापस आया है। देश के स्वास्थ्य मंत्री फ्रैंक वैंडेनब्रुक ने कहा कि, रोगी का 22 नवंबर को पॉजिटिव टेस्ट किया गया था। वो पहले कभी-भी कोविड -19 से संक्रमित नहीं हुआ है।

chat bot
आपका साथी