दिल्ली से आया विमान इंदौर में हुआ खराब, यात्रियों का हंगामा, आठ घंटे देरी से रवाना

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को दिल्ली से आया गो एयर कंपनी का विमान खराब हो गया। सुधारने में करीब आठ घंटे लग गए। इस दौरान सही सूचना नहीं मिलने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 11:06 PM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 11:06 PM (IST)
दिल्ली से आया विमान इंदौर में हुआ खराब, यात्रियों का हंगामा, आठ घंटे देरी से रवाना
दिल्ली से आया गो एयर कंपनी का विमान खराब हो गया।

 इंदौर, राज्‍य ब्‍यूरो। मध्य प्रदेश के इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को दिल्ली से आया गो एयर कंपनी का विमान खराब हो गया। सुधारने में करीब आठ घंटे लग गए। इस दौरान सही सूचना नहीं मिलने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। कंपनी ने विस्तारा एयरलाइंस के विमान से दिल्ली से पा‌र्ट्स भी बुलवाए। इसके बाद शाम सात बजे विमान रवाना हो सका।

एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, गो एयर की फ्लाइट दिल्ली से सुबह 10.20 बजे इंदौर आकर 11.10 बजे वापस दिल्ली जाती है। गुरुवार को यह फ्लाइट तय समय से 20 मिनट देरी से 10.40 बजे इंदौर आई। जब वापस जाने के लिए विमान में यात्रियों को बैठाने की तैयारी की जा रही थी तभी पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को खराबी आने की जानकारी दी। इंजीनियरों की टीम ने विमान की जांच की तो शिकायत सही मिली। इस दौरान यात्रियों को टर्मिनल में ही रोक दिया गया।

सही सूचना नहीं मिली तो किया हंगामा

जानकारी के अनुसार, एयरलाइंस के कर्मचारी यात्रियों को ठीक से जानकारी नहीं दे पाए और उन्हें कुछ देर में उड़ान भरने का आश्वासन देते रहे। दो घंटे इंतजार के बाद यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस उड़ान से जाने वालों में छोटे बच्चे,महिलाएं और बुजुर्ग भी थे, जो परेशान हो रहे थे। कुछ यात्रियों ने दूसरा विमान बुलवाने की भी मांग की, लेकिन अधिकारियों ने असमर्थता जताई।

हंगामा देख सभी यात्रियों के खाने-पीने की व्यवस्था की गई। कुछ यात्रियों ने अपना टिकट निरस्त करवाकर दूसरी फ्लाइट का करवा लिया। प्रबंधन ने बताया कि विमान की जांच में कुछ पा‌र्ट्स खराब पाए गए थे, जिन्हें दिल्ली से विस्तारा की फ्लाइट से मंगवाया गया। इसके बाद यह विमान तय समय से करीब आठ घंटे देरी से शाम सात बजे दिल्ली रवाना हो सका।

chat bot
आपका साथी