पहले वैक्सीन लगवाओ, उसके बाद दुल्हन को विदा करके ले जाओ, जानें क्या है पूरा मामला

जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कुदरी गांव का निवासी दूल्हा दुर्गेश कुशवाहा बिना वैक्सीनेशन करवाए अपनी दुल्हन को विदा करवा कर घर जा रहा था। रास्ते में जांच के दौरान पुलिस ने रोका और पूछा कि वैक्सीन लगवाई है?

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 08:45 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 11:54 PM (IST)
पहले वैक्सीन लगवाओ, उसके बाद दुल्हन को विदा करके ले जाओ, जानें क्या है पूरा मामला
मध्य प्रदेश में एक दिन में 10 लाख टीके लगाने का का लक्ष्य था।

शहडोल, राज्य ब्यूरो। टीकाकरण महाअभियान के दौरान सोमवार को मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक दिलचस्प घटना हुई। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के कुदरी गांव का निवासी दूल्हा दुर्गेश कुशवाहा बिना वैक्सीनेशन करवाए अपनी दुल्हन को विदा करवा कर घर जा रहा था। रास्ते में जांच के दौरान पुलिस ने रोका और पूछा कि वैक्सीन लगवाई है? दूल्हे ने जब कहा कि अभी उसने वैक्सीन नहीं लगवाई है, तो सूबेदार अभिनव राय ने उसे कहा कि 'पहले वैक्सीन लगवाओ और फिर यहां से दुल्हन को लेकर घर जाओ।'

पुलिस ने दूल्हे को रोककर लगवाई वैक्सीन

दूल्हा भी खुशी- खुशी इसके लिए राजी हो गया। तब पुलिस ने दूल्हे को समीप स्थित स्कूल में भेज दिया, जहां टीका लगाया जा रहा था। एएसआइ प्रीति कुशवाहा ने बताया कि दुल्हन ने वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली थी। पुलिस ने दूल्हा दुर्गेश कुशवाहा को वैक्सीन लगवाने के बाद संकल्प दिलवाया कि वह घर जाकर जिन रिश्तेदारों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है, उन्हें भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करेगा।

मध्य प्रदेश में 15 लाख से अधिक लोगों को लगाई गई वैक्सीन की खुराक

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया जिले के परासरी गांव में महा अभियान का शुभारंभ किया। मध्य प्रदेश में एक दिन में 10 लाख टीके लगाने का का लक्ष्य था। सोमवार शाम 9:00 बजे तक लक्ष्य से अधिक अर्थात 15 लाख 98 हजार टीके लगाए जा चुके हैं। प्रदेश में कुल 7000 केंद्रों पर टीका लगाया है। कोविन एप के मुताबिक, प्रदेश में 22 निजी केंद्रों पर टीका लगाया जा रहा है। इन निजी केंद्रों ने स्वयं टीके खरीदे हैं। टीकाकरण अभी चल रहा है, इसलिए निजी केंद्रों के आंकड़े देर रात तक सामने आएंगे। हालांकि यह आंकड़े बहुत ही कम होने का अनुमान है।

chat bot
आपका साथी