Monsoon Latest Update 2021: महाराष्ट्र सहित देश के इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, यूपी में आज दस्तक दे सकता है मानसून; जानें- ताजा अपडेट

Monsoon Latest Update ओडिशा और गंगा से लगे पश्चिम बंगाल के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है तो वहीं अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश बिहार झारखंड महाराष्ट्र छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 07:09 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 12:48 PM (IST)
Monsoon Latest Update 2021: महाराष्ट्र सहित देश के इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, यूपी में आज दस्तक दे सकता है मानसून; जानें- ताजा अपडेट
यूपी बिहार सहित कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, एजेंसी। बंगाल की खाड़ी में उत्तर पश्चिम की तरफ कम दबाव का क्षेत्र बनने से देश के कई राज्यों में मानसून समय से पहले पहुंच गया है। ओडिशा और गंगा से लगे पश्चिम बंगाल के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है तो वहीं अगले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य भारत तक पहुंच चुका मानसून देश के उत्तरी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके अगले दो दिनों में पूरे उत्तरी भारत में आने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में मानसून इस बार 15 दिन पहले पहुंच रहा है। मौसम विभाग की माने तो अनुकूल मौसमी परिस्थितियों की वजह से दक्षिण पश्चिमी मॉनसून के अगले 4-5 दिन में दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र को छोड़कर पूरे देश में छाने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया है कि इस साल पूरे देश में जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून से सामान्य बारिश की संभावना है।

यूपी में आज दस्तक दे सकता है मानसून, कई इलाकों में बारिश का अलर्ट (Monsoon Update news UP)

उत्तर प्रदेश में मौसम करवट ले रहा है और राज्य के अधिकतर जिलों में प्री मानसून जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने घोषणा कर दी है कि यूपी की सीमा में रविवार (13 जून) को किसी भी समय मानसून प्रवेश कर जाएगा। प्रदेश के वो जिले जिनकी सीमा बिहार से लगती है वे बारिश से तर-बतर हो जाएंगे। बलिया, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र तक में इसका पहला असर देखने को मिल जाएगा। इसके बाद दो से तीन दिनों में पूरे प्रदेश में बारिश हो जाएगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दो से तीन दिनों में मानसून लखनऊ तक पहुंचेगा। लखनऊ स्थित मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की चाल सामान्य है और रविवार को पूर्वांचल के कई जिलों में इसकी वजह से बारिश हो सकती है। लखनऊ तक इसे पहुंचने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। इसकी इन्टेन्सिटी पर निर्भर करेगा कि पश्चिमी यूपी के जिलों में कब तक मानसून पहुंचता है. फिलहाल इसकी रफ्तार सामान्य दिख रही है।

बिहार कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश (Monsoon Update Bihar)

बिहार कुछ भागों में शनिवार को ही मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया गया है। कुछ इलाकों में बारिश शुरू भी हो गई है। बिहार के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन यानी 15 जून तक जोरदार बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बता दें कि मानसून की एंट्री से पहले ही बिहार के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार तक तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। गुजरात, मध्य प्रदेश और पूरे छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात बेहतर होते जा रहे हैं। 

महाराष्ट्र के इन जिलों में रेड अलर्ट (Monsoon latest Update Maharashtra)

मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक के बाद से ही लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र के रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में 13 जून के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि मुंबई और पड़ोसी ठाणे में कुछ जगहो पर भारी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में एक हफ्ते पहले ही मानसून की दस्तक (Monsoon Update MP)

भारत मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून अपने सामान्य समय से सात दिन पहले  मध्य प्रदेश में पहुंच गया है। जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों के लिए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग, भोपाल के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पी. के. साहा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है।

दिल्ली में 15 जून तक दस्‍तक दे सकता है मानसून (Monsoon Update Delhi)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार समय से पहले मॉनसून पहुंच सकता है। इस साल सामान्य तारीख से 12 दिन पहले यानी 15 जून को मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले वर्ष 2008 में भी मानसून 15 जून को दिल्ली पहुंचा था। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मानसून के समय से पहले आने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

आज कहां-कहां बारिश की संभावना (Today rain forecast)

मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने 11 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज और 2 दर्जन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ, कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो जगह पर भारी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तटीय कर्नाटक, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण गुजरात, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, रायलसीमा और आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश की संभावना है, वहीं पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है।

chat bot
आपका साथी