मध्य प्रदेश: पंचायत ने लगाया 90 हजार का जुर्माना, आशा कार्यकर्ता ने किया आत्मदाह

पड़ोसी लड़की के भागने में शामिल होने का लगाया था आरोप। 90 हजार के जुर्माने से परेशान थी आशा वर्कर हालत गंभीर। आशा कार्य़कर्ता के पति ने गांव के ही कुछ लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया है।

By Shashank PandeyEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 08:38 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 08:38 AM (IST)
मध्य प्रदेश: पंचायत ने लगाया 90 हजार का जुर्माना, आशा कार्यकर्ता ने किया आत्मदाह
एमपी में आशा कार्यकर्ता ने किया आत्मदाह।(फोटो: दैनिक जागरण)

हरिओम गौड़, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के एक गांव की युवती की फेसबुक पर सागर जिले के लड़के से दोस्ती हुई तो वह घर से भाग गई। जाते समय वह आशा कार्यकर्ता की सिम ले गई। कुछ दिन बाद युवती तो लौट आई परंतु पंचायत ने इसके लिए आशा कार्यकर्ता को दोषी मानकर 90 हजार रुपये का दंड लगा दिया। इसके दबाव में आशा कार्यकर्ता ने केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लिया। उसकी हालत गंभीर है। पति ने गांव के ही कुछ लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। गुमशुदगी का मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने सागर में युवती को ढूंढ लिया और 15 जुलाई को उसे वापस ले आई।

युवती ने बताया कि गौरा कुशवाह नाम की आशा कार्यकर्ता ने ही सागर जिले के लड़के से उसकी पहचान कराई और सिम भी दी थी। इसके बाद शुक्रवार को समाज की पंचायत जुटी। पंचों ने आशा कार्यकर्ता को दोषी माना और कहा कि नासमझ लड़की को घर से भगाने में उसी का हाथ है। पंचायत ने फैसला किया कि दंड के रूप में 90 हजार रुपये आशा कार्यकर्ता को 10 दिन में गांव के सरपंच हरदा कुशवाह को देने होंगे। सरपंच इस पैसे को युवती के पिता को देगा। 10 दिन में दंड का पैसा नहीं देने पर समाज में हुक्का-पानी बंद करने की चेतावनी भी दी गई।

पंचायत के इस फैसले के बाद आशा कार्यकर्ता ने शुक्रवार-शनिवार की रात में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। वह 80 फीसद से ज्यादा जल गई है। पति ने लगाया आरोपआशा कार्यकर्ता के पति पुरुषोत्तम कुशवाह ने गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाया है कि शुक्रवार की रात घर में हाकिम कुशवाह, प्रह्लाद कुशवाह, रामअवतार कुशवाह, हलुका कुशवाह, जगदीश कुशवाह, गिर्राज कुशवाह, अशोक कुशवाह और गुड्डी कुशवाह आए, जिन्होंने केरोसिन डालकर उसकी पत्नी को आग लगा दी है।

chat bot
आपका साथी