Lockdown Again : कोेरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश के कई शहरों में लग सकता है लॉकडाउन

आने वाले दिनों में बेंगलुरु और पुणे समेत कई शहरों के अधिकारी अलग-अलग अवधियों के लिए लॉकडाउन पुन लागू करने की तैयारी कर रहे हैं।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 06:15 AM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 06:15 AM (IST)
Lockdown Again : कोेरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश के कई शहरों में लग सकता है लॉकडाउन
Lockdown Again : कोेरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश के कई शहरों में लग सकता है लॉकडाउन

नई दिल्ली, प्रेट्र। देश में जहां कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 8.5 लाख के करीब पहुंच गए हैं वहीं आने वाले दिनों में बेंगलुरु और पुणे समेत कई शहरों के अधिकारी अलग-अलग अवधियों के लिए लॉकडाउन पुन: लागू करने की तैयारी कर रहे हैं। कर्नाटक और तमिलनाडु ने रविवार का लॉकडाउन लगा रखा है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और बिहार जैसे राज्यों ने अलग-अलग अवधियों में क्षेत्रवार लॉकडाउन की घोषणा की है। कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु में 14 जुलाई से सात दिन के लिए पूरी तरह लॉकडाउन का ऐलान किया है। तमिलनाडु सरकार ने मदुरै और आसपास के क्षेत्रों में पाबंदियां 14 जुलाई तक बढ़ा दी हैं। महाराष्ट्र सरकार ने पहले ही पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में 13 से 23 जुलाई तक व्यापक लॉकडाउन की घोषणा की थी। राज्य सरकार ने मुंबई के आसपास के क्षेत्रों में भी इसी तरह बंद की घोषणा की थी।

UP में शनिवार व रविवार को सब रहेगा बंद

कोरोना संक्रमण के प्रसार पर नियंत्रण करने के लिए यूपी  की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अब नया फॉर्मूला खोजा है। प्रदेश में शुक्रवार रात से 55 घंटे के लॉकडाउन के बाद अब हर हफ्ते दो दिन का लॉकडाउन करने का निर्णय लिया गया है। मिनी लॉकडाउन के तहत प्रदेश में अब सिर्फ पांच दिन कार्यालय तथा बाजार खुलेंगे। यानी कोरोना के संक्रमण काल तक प्रदेश में फाइव डे वीक के तहत काम होगा।

कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते जा रहे मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है कि अब सभी बाजार सोमवार से शुक्रवार सुबह नौ रात नौ बजे तक ही खुलेंगे। शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी रहेगी। इस दौरान केवल दूध, फल और सब्जियां जैसे अन्य आवश्यक चीजें बेचने वाली दुकानें खोलने की अनुमति है। इन दो दिनों में बड़े पैमाने पर सफाई और सैनिटाइजेशन का काम कराया जाएगा। इस संबंध में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश जारी कर दिए।

बिहार के 11 जिलों मे फिर से लगा लॉकडाउन 

बिहार में भी कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण फिर से 11 जिलों में लॉकडाउन लगाया गया है। यहां कई जिलों में अलग-अलग समय तक के लिए लॉकडाउन लगाया है। पटना के साथ  कैमूर, बक्सर, नवादा, खगड़िया, सुपौल, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधेपुरा, मुंगेर, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, नालंदा, भागलपुर, बेगूसराय और मधेपुरा में लॉकडाउन लागू है। पटना में 10 से 16 जुलाई तक, बेगूसराय 11 से 16 जुलाई तक, नालंदा 11 से 15 जुलाई तक, मुंगेर 10 से 16 जुलाई तक, मधेपुरा में 10 से 16 जुलाई तक, खगड़िया में 10 से 14 जुलाई तक, मुजफ्फरपुर में हफ्ते में दो दिन बंदी, बक्सर में 10 से 12 जुलाई तक, नवादा में 10 से 12 जुलाई तक लॉकडाउन लागू रहेगा। 

पश्चिम बंगाल में 9 जून से एक सप्‍ताह का लॉकडाउन    

पश्चिम बंगाल में गुरुवार शाम 5 बजे से एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लागू है। राज्य के 23 जिलों में 20 में कंटेनमेंट जोन हैं। निजी और सार्वजनिक वाहनों पर रोक लागू है, जबकि सभी आवश्यक समान बेचने वाली वाली दुकानों को छोड़कर अन्य सभी बंद हैं। कंटेनमेंट जोन में लोगों के आने-जाने से रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए हैं। कुछ क्षेत्रों में, आवश्यक वस्तुओं वाली दुकानों को सिर्फ चार घंटे के लिए खोलने की अनुमति दी गई है।  कोलकाता में 25, उत्तर 24 परगना में 93, दक्षिण 24 परगना में 54 और हावड़ा में 56 कंटेनमेंट जोन हैं। ये शीर्ष चार हॉटस्पॉट वाले जिले हैं।

कर्नाटक में 14 जुलाई से एक सप्ताह का लॉकडाउन लगाने की घोषणा

कर्नाटक सरकार ने राज्य में कोरोना के तेजी बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को बेंगलुरू शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 14 जुलाई से एक सप्ताह के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने एक बयान में कहा कि राज्य में रोजाना कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बीच विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर यह कदम उठाया गया है।

chat bot
आपका साथी