देश में बढ़ने लगे ओमिक्रोन के मामले, राजस्थान में नौ और महाराष्ट्र में सात नए केस, दिल्ली में भी दर्ज हुआ मामला

राजस्थान के स्वास्थ्य सचिव वैभव गलरिया ने कहा कि जयपुर में एक परिवार के चार सदस्य हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से आए थे। उनके और उनके संपर्क में आए 34 लोगों के नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 06:39 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 07:02 AM (IST)
देश में बढ़ने लगे ओमिक्रोन के मामले, राजस्थान में नौ और महाराष्ट्र में सात नए केस, दिल्ली में भी दर्ज हुआ मामला
महाराष्ट्र में हुए अब तक ओमोक्रोन के कुल 8 मामले (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, एजेंसियां/जेएनएन। देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले अचानक तेजी से बढ़ने लगे हैं। रविवार को इस वैरिएंट के कुल 17 मामले पाए गए। इनमें राजस्थान के जयपुर में नौ, महाराष्ट्र के पुणे में सात और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक केस शामिल है। देश भर में ओमिक्रोन वैरिएंट के अब तक कुल 21 मामले सामने आ चुके हैं। ओमिक्रोन से संक्रमित होने वाले सभी लोग अफ्रीकी देशों से लौटे हैं या उनके संपर्क में आए हैं। नया वैरिएंट पांच राज्यों में फैल चुका है।

राजस्थान के स्वास्थ्य सचिव वैभव गलरिया ने कहा कि जयपुर में एक परिवार के चार सदस्य हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से आए थे। उनके और उनके संपर्क में आए 34 लोगों के नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था। इनमें से परिवार के चार सदस्य और उनके संपर्क में पांच अन्य लोगों को ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। बाकी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

महाराष्ट्र में पुणे में एक और पिंपरी चिंतवाड़ में छह लोगों में ओमिक्रोन वैरिएंट पाया गया है। इनमें नाइजीरिया से लौटी एक महिला, उसकी दो बच्चियां और उसका भाई शामिल है। इसके अलावा पिछले महीने के आखिरी हफ्ते में फिनलैंड से लौटा एक व्यक्ति भी शामिल है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के मामले बढ़कर आठ हो गए हैं। एक दिन पहले ठाणे के कल्याण-डोंबिवली नगर पालिका क्षेत्र में 23 साल के एक मैरीन इंजीरियर को ओमिक्रोन से संक्रमित पाया गया था। उसकी हालत स्थिर बताई गई है और उपचार का भी उस पर असर हो रहा है। मुंबई के धारावी में ओमिक्रोन का एक संदिग्ध मामला भी पाया गया है, जिसके नमूने को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। यह व्यक्ति तंजानिया से लौटा था।

ओमिक्रोन वैरिएंट को लेकर अत्यधिक जोखिम वाले देशों से लौटे और कोरोना संक्रमित पाए गए 12 लोगों को दिल्ली के लोक नायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनके नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई गई थी। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि इन्हीं में से 37 वर्षीय एक व्यक्ति में ओमिक्रोन वैरिएंट पाया गया है। वह तंजानिया से लौटा था और संक्रमण के हल्के लक्षण पाए जाने पर उसे दो दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।

इससे पहले, शनिवार को गुजरात में एक मामला मिला था और उसे एक दिन पहले कर्नाटक में दो मामलों की पुष्टि हुई थी।

बिहार ने सुधारा मौत का आंकड़ा, 24 घंटे में मिले 8,895 नए मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बिहार सरकार की तरफ से मौत के आंकड़ों में सुधार किया गया है। इसके चलते बीते 24 घंटे में मरने वालों की संख्या 2,796 दर्ज की गई है। इसमें अकेले बिहार से 2,426 और केरल से 2,63 मौतें शामिल हैं। इस दौरान कोरोना संक्रमण के 8,895 नए मामले मिले हैं और सक्रिय मामलों में भी 819 की गिरावट आई है।

कर्नाटक के शिवमोगा और चिक्कमगलुर जिले में 24 घंटे में 69 छात्रों को संक्रमित पाया गया है। इनमें जवाहर नवोदय विद्यालय के 40 छात्र और शिक्षक भी शामिल हैं।

देश में कोरोना की स्थिति

24 घंटे में नए मामले 8,895

कुल सक्रिय मामले 99,155

24 घंटे में टीकाकरण 103.93 करोड़

कुल टीकाकरण 127.87 करोड़

रविवार सुबह 08:00 बजे तक कोरोना की स्थिति

नए मामले 8,895

कुल मामले 3,46,33,255

सक्रिय मामले 99,155

मौतें (24 घंटे में) 2,726

कुल मौतें 4,73,326

ठीक होने की दर 98.35 प्रतिशत

मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत

पाजिटिविटी दर 0.73 प्रतिशत

सा.पाजिटिविटी दर 0.80 प्रतिशत

chat bot
आपका साथी