अजब किस्से... कहीं पत्नी अपने पति को देती है टारगेट, तो कहीं साथ में छीनती हैं चेन

हम आपको कुछ ऐसे ही घटनाओं के बारे में बताएंगे जिनमें पती-पत्नी दोनों मिलकर चेन झपटमारी या फिर लोगों को ठगी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।

By Manish NegiEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 01:08 PM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 02:05 PM (IST)
अजब किस्से... कहीं पत्नी अपने पति को देती है टारगेट, तो कहीं साथ में छीनती हैं चेन
अजब किस्से... कहीं पत्नी अपने पति को देती है टारगेट, तो कहीं साथ में छीनती हैं चेन

नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड फिल्म बंटी और बबली आपने जरूर देखी होगी। इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे हीरो और उसकी हिरोइन लोगों को ठग कर उन्हें चूना लगाते हैं। फिल्म बेशक एक दशक पुरानी हो लेकिन, आज भी बंटी-बबली स्टाइल में ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे ही घटनाओं के बारे में बताएंगे जिनमें पती-पत्नी दोनों मिलकर चेन झपटमारी या फिर लोगों को ठगी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। 

पहला मामला

..यहां पत्नी देती है पति को टारगेट

कर्नाटक पुलिस ने सोमवार को एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है जो खुद अपने पति को चेन स्नैचिंग का टारगेट देती थी। मामला थोड़ा अजीब है लेकिन ये सच है। पुलिस ने 29 साल की महादेवी और उसके पति को चेन स्नैचिंग मामले में गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान पति अच्युत कुमार ने जो बताया वो हैरान करने वाला था। अच्युत की माने तो उसकी पत्नी चेन स्नेचिंग के लिए उस पर दबाव बनाती थी। उसे हर रोज कम से कम तीन चेन छीनने का टारगेट मिला हुआ था। चेन स्नैचिंग के लिए कुख्यात अच्युत कुमार ने 100 से ज्यादा चेन चुराई हैं। जिनकी कीमत एक करोड़ से भी ज्यादा है। अच्युत ने बताया कि उसकी पत्नी आसानी से पैसा कमाना चाहती थी। काफी शिकायतों के बाद जब पुलिस हरकत में आई तो आरोपी अच्युत को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच से पता चला कि महादेवी को महंगे वैनिटी बैग्स खरीदने की लत थी और वह गोवा में छुट्टियां मनाने जाती थी। उसने सोने की चेन तोलने के लिए घर में वजन मापने की मशीन भी रखी थी।

दूसरा मामला

पति बाइक चलाता था, पत्नी करती थी झपटमारी

दूसरा मामला दिल्ली का है... दिल्ली के एक इलाके में कपल ने पिछले कई दिनों से पुलिस की नाम में दम किया हुआ था। स्नैचिंग के मामले में जब पुलिस ने विक्रम और उसकी पत्नी सोनिया को गिरफ्तार किया तो पता चला कि किस तरह दोनों स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। दरअसल, विक्रम और उसकी पत्नी सोनिया दोनों बाइक के जरिए स्नैचिंग करते थे। विक्रम बाइक चलाता था और उसकी पत्नी लोगों से चेन या मोबाइल जैसी कीमती चीजें छीनती थी। पुलिस इस कपल की गिरफ्तारी से स्नैचिंग और चोरी आठ केस सुलझाने का दावा कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया मोबाइल और चोरी की बाइक भी बरामद की है। ये गिरफ्तारी गोविंदपुरी इलाके से हुई है।

आरोपी युवक परिवार के साथ नवजीवन कैंप में रह रहा था। दोनों ने छह महीने पहले ही लवमैरिज की थी। विक्रम कालकाजी इलाके में स्नैचिंग करने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। जुलाई में जेल से छुटने के बाद उसकी पत्नी भी उसके साथ इसी काम में लग गई। पिछले कई महीने से दोनों कपल चोरी की बाइक पर सवार होकर इलाके में निकलते थे। उन्हें जहां कहीं पर भी मौका मिलता था, वे मोबाइल छीनकर भाग जाते थे। चोरी की बाइक और छीना गया मोबाइल किसी राहगीर या फिर रिसीवर को बेच देते थे। दोनों पति-पत्नी ने मिलकर 9 वारदातों को अंजाम दिया।

तीसरा मामला

नाइजीरियन पति और भारतीय पत्नी करते थे ठगी

नाइजीरियाई नागरिक इफीनयी उर्फ जॉर्ज मूर और उसकी पत्नी (असम की रहने वाली है) फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद विदेशी गिफ्ट भेजने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे। द्वारका डिस्ट्रिक डीसीपी अंटो अल्फांस ने बताया कुछ महीने पहले फेसबुक पर एक युवती की दोस्ती यूके निवासी जॉर्ज मूर से हुई। आरोपी मूर ने बताया कि वह उसे विदेश से एक गिफ्ट भेजेगा। कुछ दिनों बाद एक युवती (मूर की पत्नी) ने महिला को फोन कर बताया कि वह मुंबई कस्टम विभाग से बोल रही है, उसके नाम पर एक पार्सल आया है। लेकिन, इस पार्सल को लेने के लिए 26 हजार रुपए देने होंगे। जिसके बाद पीड़िता ने दस जुलाई को बताए गए बैंक खाते में रकम जमा करवा दी।

युवती ने दोबारा कॉल कर पीड़िता से पैसों की और डिमांड की। पीड़िता ने भी युवती की बात का भरोसा कर पेमेंट उसके अकाउंट में जमा करा दी। लेकिन, बाद में शक होने पर पीड़िता ने पुलिस से इसकी शिकायत की। जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाकर चाणक्य प्लेस डाबड़ी से गिरफ्तार कर लिया। बता दें की नाइजीरियन शख्स फुटबॉल प्लेयर भी रह चुका है। वो साल 2009 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। मूर ने 2013 में असम की युवती से शादी की थी।

chat bot
आपका साथी