हादसा: मध्यप्रदेश में कटनी-चोपन पैसेंजर ट्रेन के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, 22 यात्री घायल

मध्य प्रदेश में कटनी जिले के पास कटनी चोपन पैसेंजर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 22 यात्री घायल, कई को लगी गंभीर चोटें।

By Nancy BajpaiEdited By: Publish:Sun, 15 Apr 2018 07:26 AM (IST) Updated:Sun, 15 Apr 2018 07:34 AM (IST)
हादसा: मध्यप्रदेश में कटनी-चोपन पैसेंजर ट्रेन के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, 22 यात्री घायल
हादसा: मध्यप्रदेश में कटनी-चोपन पैसेंजर ट्रेन के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, 22 यात्री घायल

कटनी (नईदुनिया)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले से चोपन की ओर जाने वाली नाइट पैसेंजर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा शनिवार रात जिले के सलहना और पिपरिया कला स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन की 5 बोगियां पटरी से उतर गई। घटना में 22 यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिली है, इनमें से सात यात्रियों को कटनी व बरही के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं मौके पर पहुंचे रेलवे के डॉक्टरों ने मामूली रूप से घायल 15 यात्रियों का इलाज किया। हालांकि घायलों की सही संख्या के बारे में अधिकृत तौर पर रेलवे कुछ नहीं कह रहा।

रात 10 बजे हुआ हादसा

रेलवे के मुताबिक कटनी-चोपन पैसेंजर कटनी से रवाना होकर 30 किलोमीटर दूर पहुंची थी कि रात 10 बजे जोरदार आवाज के साथ ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। बोगी के डिब्बे उतरने से यात्रियों में दहशत फैल गई और यात्री बोगी छोड़कर बाहर निकल आए। इस अफरातफरी में कई का सामान छूट गया। रात 10.20 बजे जबलपुर स्टेशन को सूचना मिलने के बाद एक के बाद एक पांच सायरन बजे। इसके बाद रिलीफ ट्रेन को यहां से रवाना किया गया। रेलवे के मुताबिक घायलों को आवश्यक मदद दी जा रही है। रेलवे के पीआरओ गुंजन गुप्ता के मुताबिक कोई यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं है।

5 बोगियां पटरी से उतरी 

जानकारी के मुताबिक रात करीब 10 बजे ट्रेन नम्बर 51675 चोपन-भुसावल पैसेंजर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई। जबलपुर रेल मंडल के कटनी सिंगरौली रेल खंड के सलहना स्टेशन पर ये पैसेंजर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई। ट्रेन कटनी से सिंगरौली की ओर जा रही थी। ट्रेन की 5 बोगियां पटरी से उतरीं और तिरछी होकर गिरने जैसी स्थिति में पहुंच गई। हालांकि बोगियां पूरी तरह नहीं पलटीं। झटका लगने से 19 लोगों को चोटें आने की जानकारी मिली है। कोई जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक घटना होते ही जबलपुर रेलवे स्टेशन पर खतरे के पांच सायरन बजे जिससे पूरे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत जबलपुर स्टेशन से मेडिकल ट्रैन, डॉक्टर्स स्टाफ और इमरजेंसी स्टाफ कटनी के लिए रवाना हुआ। रेल मंडल द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया हैय़ रेलवे ने हादसे को लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

हेल्पलाइन नंबर 

कटनी - 07622-297468

जबलपुर 0761-2677640, 2677638।

6 अप्रैल को भी बजे थे 5 सायरन

जबलपुर में छह अप्रैल की रात 12 बजे भी इसी तरह एक के बाद एक पांच सायरन बजे थे। बताया गया था कि शहपुरा भिटौनी रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर काम कर रहे 5-6 मजदूर ट्रेन से कट गए हैं। इसके बाद स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया था। 40 मिनट के भीतर रिलीफ ट्रेन, आरपीएफ-जीआरपी सहित पूरा अमला स्टेशन पर जमा हो गया था। इसके बाद बताया गया था कि यह मॉक ड्रिल है। शनिवार की घटना में भी कुछ ऐसी स्थिति बनी। हालांकि, कुछ ही देर में घटनास्थल के फोटो वाट्सएप और फेसबुक पर साझा होने लगे तो कर्मी भी तुरंत जबलपुर स्टेशन पर पहुंच गए। जबलपुर से कटनी की दूरी करीब 100 किलोमीटर है।

chat bot
आपका साथी