करवा चौथ: नेटवर्क न मिलने पर जवानों ने अपनाया यह तरीका, जुगाड़ से पत्नियों को दिया आशीष

छत्तीसगढ़ के नक्सलगढ़ में नेटवर्क न मिलने पर आइटीबीपी जवानों ने पेड़ों पर मोबाइल टांगकर पत्नियों को दिया आशीष।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 11:11 PM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 11:13 PM (IST)
करवा चौथ: नेटवर्क न मिलने पर जवानों ने अपनाया यह तरीका, जुगाड़ से पत्नियों को दिया आशीष
करवा चौथ: नेटवर्क न मिलने पर जवानों ने अपनाया यह तरीका, जुगाड़ से पत्नियों को दिया आशीष

कोंडागांव, पूनम मानिकपुरी। महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत कर रहीं थीं तो छत्तीसगढ़ के नक्सलगढ़ में तैनात जवान उनसे बात करने की जुगाड़ खोज रहे थे। धुर नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले के ग्राम हड़ेली में पदस्थ भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के जवानों ने नेटवर्क की समस्या को देखते हुए अपने मोबाइल पेड़ पर टांग कर ब्लूटूथ के जरिये करवाचौथ के अवसर पर पत्नी से बात की।               

जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी दूर चारों ओर घने वनों व पहाडि़यों से घिरे ग्राम हड़ेली में अपनी तैनाती के दिनों से ही जवानों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आइटीबीपी 41वीं वाहिनी के असिस्टेंट कमांडेंट सुरेश यादव ने दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया को बताया कि यहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या आम है। कभी-कभी कुछ दूर संचार कंपनियों का नेटवर्क आता है।                          

जुगाड़ से नेटवर्क पकड़ने की कोशिश

करवाचौथ के अवसर पर सभी महिलाओं को अपने पति से बात करने का बेसब्री से इंतजार होता है। ऐसे में विशेष तौर पर पत्नियों को करवाचौथ सेलिब्रेट करने के लिए हमने पेड़ की ऊंचाई पर रस्सी बांधकर जुगाड़ से नेटवर्क पकड़ने की कोशिश की, जिसमें हम कामयाब रहे।

रस्सी के सहारे ऊपर चढ़ाया फोन

गुरुवार शाम जब चांद आसमान में खिला तो मोबाइलों को रस्सी के सहारे ऊपर चढ़ाया गया। नेटवर्क मिलते ही इंतजार करते जवानों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। जवान एक स्वर में ताली बजाते हुए अपने परिजनों से बात करने में मशगूल हो गए।                                                      

chat bot
आपका साथी