कप्पा वैरिएंट में बदलाव के कारण साल 2021 के शुरू में ज्यादा फैला कोरोना संक्रमण, यहां था सबसे तेज प्रसार

इंसाकाग के अनुसार कोरोना के कप्पा वैरिएंट में भी एक म्युटेशन मौजूद था जिससे 2021 की शुरूआत में खासतौर पर महाराष्ट्र में महामारी का प्रसार हुआ था। हालांकि बाद में उसकी जगह डेल्टा वैरिएंट ने ले ली थी।

By TaniskEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 09:52 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 09:52 PM (IST)
कप्पा वैरिएंट में बदलाव के कारण साल 2021 के शुरू में ज्यादा फैला कोरोना संक्रमण, यहां था सबसे तेज प्रसार
इस साल के शुरू में कप्पा में म्युटेशन से ज्यादा फैला कोरोना संक्रमण।

नई दिल्ली, प्रेट्र। इस साल के शुरू में देश, खासकर महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के प्रसार के लिए इसके कप्पा वैरिएंट में हुआ बदलाव ज्यादा जिम्मेदार था। भारतीय सार्स-कोवी-2 जीनोमिक्स संघ (इंसाकाग) ने यह बात कही है। इंसाकाग के मुताबिक अधिक संक्रामकता से जुड़े 'म्युटेशन' के लिए भारतीय सीक्वेंसिंग डाटा से प्रदर्शित होता है कि कोरोना के कप्पा वैरिएंट में भी एक 'म्युटेशन' मौजूद था, जिससे 2021 की शुरूआत में खासतौर पर महाराष्ट्र में महामारी का प्रसार हुआ था। हालांकि बाद में उसकी जगह डेल्टा वैरिएंट ने ले ली थी।

इसकी वेबसाइट पर मंगलवार को अपडेट की गई 15 नवंबर की साप्ताहिक बुलेटिन में, जब कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के बारे में चिंता नहीं प्रकट की गई थी, इंसाकाग ने कहा था कि डेल्टा (बी.1.617.2 और एवाई.एक्स) भारत में चिंता का मुख्य कारण होगा और किसी नए वैरिएंट का जिक्र नहीं किया गया था।

बुलेटिन में कहा गया है, 'अधिक संक्रामकता से जुड़े एन म्युटेशन के लिए भारतीय सीक्वेंसिंग डाटा के विश्लेषण से प्रदर्शित होता है कि एन:आर203एम म्युटेशन भी कप्पा वंशावली (बी.1.617.1 और बी.1.617.3) में शामिल था जिसके चलते 2021 की शुरुआत में महामारी का प्रसार, खासतौर पर महाराष्ट्र में हुआ था। बाद में उसे डेल्टा स्वरूप ने विस्थापित कर दिया था।' कप्पा वैरिएंट का पिछले साल दिसंबर में भारत में पता चला था। इसके मामले उत्तर प्रदेश, राजस्थान और केरल में पाए गए थे।

बता दें कि देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट जारी है। एक्टिव केस घटकर एक लाख रह गए हैं। नए मामले  लगातार चार दिनों से 10 हजार से नीचे बने हुए हैं। मरने वालों की संख्या भी 200 से नीचे है और मरीजों के उबरने की दर में इजाफा  हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों में 3,316 कमी आई। वर्तमान में एक्टिव केस 1,00,543 है। यह कुल मामलों का 0.29 फीसद है। इस दौरान 6,990 नए मामले सामने आए , जो 551 दिन में सबसे कम है। वहीं 190 लोगों की मौत हुई।

chat bot
आपका साथी