इंडिगो विमान की लैंडिंग के दौरान फटा टायर, बाल-बाल बचे यात्री व क्रू सदस्य
इंडिगो की 6e-7979 उड़ान कन्नूर से हुबली जा रही थी। सोमवार की शाम को लैंडिंग के दौरान इसका टायर फट गया। हालांकि इसमें सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने मंगलवार को प्रेस रिलीज जारी किया।
नई दिल्ली, एएनआइ। कन्नूर (Kannur) से कर्नाटक आ रहे इंडिगो (IndiGo) की उड़ान में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए। दरअसल कर्नाटक के हुबली एयरपोर्ट पर सोमवार शाम लैंडिंग के दौरान ही फ्लाइट का टायर फट गया। हालांकि इसमें सवार सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। मंगलवार को एयरलाइन की ओर से जानकारी दी गई। एयरलाइन ने बताया कि फिलहाल एयरक्राफ्ट को मेंटनेंस जांच के लिए ले जाया गया है। इंडिगो की 6e-7979 उड़ान कन्नूर से हुबली जा रही थी। सोमवार की शाम को लैंडिंग के दौरान यह घटना हुई। सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयरलाइन ने मंगलवार को प्रेस रिलीज जारी किया।
एयरलाइंस के एक अधिकारी के अनुसार सोमवार रात 8:03 बजे उड़ान ने लैंडिंग का प्रयास किया लेकिन विपरीत दिशा की तेज हवा के कारण यह संभव नहीं हो सका। इसके करीब आधे घंटे बाद इसकी लैंडिंग हो सकी।
अधिकारी ने आगे बताया, 'लैंडिंग में परेशानी और उल्टी दिशा की तेज हवा के कारण शायद टायर फटने की घटना हुई। विमान में सवार सभी यात्री स्वयं ही उतरे और रात दो बजे रनवे को उड़ान के लिए तैयार कर लिया गया।' उन्होंने यह भी बताया कि विमान का परिचालन अब सामान्य है। घटना के बारे में एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचित किया गया।'
वर्ष 2018 के मार्च में इंडिगो के ही एक विमान का लैंडिंग के दौरान टायर फट गया था। इसमें किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। इंडिगो की यह उड़ान तिरूपति से हैदराबाद जा रही थी। हैदराबाद हवाई अड्डे पर उतरते समय उसका एक टायर फट गया था।
इससे पहले 2017 के जून माह में ही इंडिगो के एक विमान के साथ यही घटना घटी थी अंतर केवल इतना है कि टायर लैंडिंग के वक्त नहीं बल्कि उड़ान भरते वक्त ही फट गया। दरअसल पटना से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई इंडिगो के एक विमान का टायर उड़ान भरते समय ही फट गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए। हालांकि इससे दूसरे विमानों की फ्लाइट प्रभावित हुई। बता दें कि इंडियो एयरलाइंस के अलावा अन्य एयरलाइनों के विमानों के साथ ऐसी अनेकों घटनाएं सामने आती रहती हैं।