अब सौ फीसद होगा बीजों का अंकुरण, भारतीय विज्ञानियों ने खोजा नया जीन, जानें कैसे करता है काम

इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च के विज्ञानियों ने एक ऐसे जीन की पहचान की है जो पौधों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बीबीएक्स-32 नामक यह जीन पौधों के अंकुरण के समय को भी नियंत्रित करेगा। पढ़ें यह रिपोर्ट...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 12:30 AM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 12:41 AM (IST)
अब सौ फीसद होगा बीजों का अंकुरण, भारतीय विज्ञानियों ने खोजा नया जीन, जानें कैसे करता है काम
आइसर के विज्ञानियों की पहल ने कृषि जगत में एक नई क्रांति ला दी है।

अंजली राय, भोपाल। इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (आइसर) के विज्ञानियों की पहल ने कृषि जगत में एक नई क्रांति ला दी है। यहां के बायोलॉजिकल सांइस विभाग के विज्ञानियों ने एक ऐसे जीन की पहचान की है, जो पौधों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बीबीएक्स-32 नामक यह जीन पौधों के अंकुरण के समय को भी नियंत्रित करेगा, जिससे शत-प्रतिशत अंकुरण के साथ पैदावार भी बढ़ेगी।

ऐसे किया अध्‍ययन

अमेरिका के रिसर्च जर्नल प्लांट फिजियोलॉजी में भी प्रकाशित इस शोध में शामिल डा. सौरभ दत्ता ने बताया कि करीब तीन साल तक अराबिडोप्सिस के पौधे पर ब्रासिनो स्टेरॉइड (बीआर) नामक हार्मोन वाले इस प्रोटीन का उपयोग कर देखा और पाया कि यह पौधा तापमान के अधिक होने पर तेजी से ग्रोथ नहीं कर पा रहा है लेकिन इस पौधे को अंधेरे में प्रकाश के लाल, हरे, पीले रंग और प्रकाश के विभिन्न रंगों व विभिन्न तापमान में रखने पर यह जीन तेजी से काम कर रहा है। अंधेरे में पत्तियां प्रोटीन के प्रयोग से अच्छे से अंकुरण कर पाती हैं।

सोयाबीन के बीज पर किया जा रहा प्रयोग

डा. दत्ता ने बताया कि बीबीएक्स-32 जीन पौधों के अंकुर निकलने के समय को नियंत्रित करने में मदद करता है। यह जीन कृषि क्षेत्र में पैदावार बढ़ाने में सहायक होगा। सरसों की प्रजाति के पौधे अराबिडोप्सिस पर इसका सफल प्रयोग हो चुका है। अब सोयाबीन के बीज पर प्रयोग किया जा रहा है।

समय से पहले नहीं खुलेंगी पत्तियां

डा. सौरभ दत्ता ने बताया कि कई बार मिट्टी के अंदर बीज डालने के बाद विपरीत परिस्थितियों जैसे तेज धूप, अधिक बारिश आदि के कारण बीज का सही तरीके से अंकुरण नहीं हो पाता है। ऐसे में कई बार अंकुरण होने से पहले ही बीज की पत्तियां खुल जाती हैं। इसके कारण शत-प्रतिशत अंकुरण नहीं हो पाता है। अब ऐसे समय में ही बीबीएक्स-32 जीन अंकुरण में मदद करेगा। यह जीन बीज की पत्तियों को तब तक नहीं खुलने देगा, जब तक कि पूर्ण अंकुरण न हो जाए। 

chat bot
आपका साथी