भारतीय अफसरों का समूह काबुल हवाई अड्डे पर कर रहा समन्वय, 2000 से अधिक फोन काल मिले

पिछले सोमवार को विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को वापस लाने के अभियान का समन्वय करने और संबंधित मामलों से निपटने के लिए एक विशेष अफगानिस्तान सेल का गठन किया था। यह स्पष्ट नहीं है कि काबुल हवाई अड्डे पर अधिकारियों की टीम को कब तैनात किया गया था।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Mon, 23 Aug 2021 09:03 AM (IST) Updated:Mon, 23 Aug 2021 09:03 AM (IST)
भारतीय अफसरों का समूह काबुल हवाई अड्डे पर कर रहा समन्वय, 2000 से अधिक फोन काल मिले
पांच दिनों के दौरान 6,000 से अधिक व्हाट्सएप प्रश्नों का उत्तर दिया गया है।

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय अधिकारियों का एक छोटा समूह अफगानिस्तान के काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अव्यवस्था और चुनौतीपूर्ण हालात के बीच लोगों को भारत पहुंचाने के अभियान में समन्वय कर रहा है। सूत्रों ने रविवार को बताया कि कई एजेंसियों का समूह हवाई अड्डे पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे अमेरिकी अधिकारियों के साथ-साथ अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि काबुल हवाई अड्डे पर अधिकारियों की टीम को कब तैनात किया गया था। पिछले सोमवार को विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को वापस लाने के अभियान का समन्वय करने और संबंधित मामलों से निपटने के लिए एक विशेष अफगानिस्तान सेल का गठन किया था। सूत्रों ने कहा कि विशेष सेल को 2,000 से अधिक फोन काल मिले। पांच दिनों के दौरान 6,000 से अधिक व्हाट्सएप प्रश्नों का उत्तर दिया गया है। इस अवधि के दौरान इसने 1,200 से अधिक ई-मेल का भी जवाब दिया।

भारत ने अफगानिस्तान की राजधानी में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए बीते मंगलवार को काबुल में अपने भारतीय दूत और अन्य कर्मचारियों सहित 200 लोगों को निकाला। वहीं, रविवार को भारत ने काबुल से तीन अलग-अलग उड़ानों के जरिए दो अफगान सांसदों सहित 392 लोगों को वापस लेकर लौटा। भारतीय वायुसेना (आइएएफ) के सी-17 सैन्य परिवहन विमान में 107 भारतीयों और 23 अफगान सिखों और हिंदुओं सहित कुल 168 लोगों को काबुल से दिल्ली के पास हिंडन एयरबेस लाया गया।

अधिकारियों ने कहा कि 87 भारतीयों और दो नेपाली नागरिकों के एक अन्य समूह को दुशांबे से एयर इंडिया की एक विशेष उड़ान में वापस लाया गया था, जिसके एक दिन बाद उन्हें आइएएफ 130 जे परिवहन विमान में ताजिकिस्तान की राजधानी ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि अलग से 135 भारतीयों को जिन्हें पहले अमेरिका और नाटो विमानों द्वारा पिछले कुछ दिनों में काबुल से दोहा ले जाया गया था, एक विशेष उड़ान में कतर की राजधानी से दिल्ली वापस लाया गया।

chat bot
आपका साथी