दुश्मनों को पस्त करेगा नौसेना का एमएच-60आर मल्टीरोल आल वेदर हेलीकाप्टर, जानें खूबियां

भारतीय नौसेना की समुद्री जंगी ताकत में इजाफे के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे अमेरिकी मल्टी रोल लड़ाकू हेलीकाप्टर एमएच-60आर (MH-60R Multirole All Weather Helicopter) की डिलीवरी की शुरू हो गई है। जानें क्‍या है इस हेलीकाप्‍टर की खूबियां...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 17 Jul 2021 08:20 PM (IST) Updated:Sat, 17 Jul 2021 10:40 PM (IST)
दुश्मनों को पस्त करेगा नौसेना का एमएच-60आर मल्टीरोल आल वेदर हेलीकाप्टर, जानें खूबियां
भारतीय नौसेना को अमेरिकी मल्टी रोल लड़ाकू हेलीकाप्टर एमएच-60आर की डिलीवरी की शुरू हो गई है।

नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय नौसेना की समुद्री जंगी ताकत में इजाफे के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे अमेरिकी मल्टी रोल लड़ाकू हेलीकाप्टर एमएच-60आर की डिलीवरी की शुरू हो गई है। अमेरिकी नौसेना ने एक विशेष समारोह में दो मल्टीरोल हेलीकाप्टरों का पहला बैच भारतीय नौसेना को सौंपा। नौसेना की लड़ाकू क्षमता में इजाफे के लिए अमेरिका से 24 नए मल्टीरोल हेलीकाप्टर की खरीद कर रहा है। जानें क्‍या है इस हेलीकाप्‍टर की खूबियां...

अत्‍याधुनिक हथियारों से लैस

खास बात यह है कि यह मल्टीरोल हेलीकाप्टर आल वेदर हेलीकाप्टर हैं और नौसेना के बेड़े में इसके शामिल होने से भारत की समुद्री रणनीतिक सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। अमेरिकी कंपनी लाकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित इस मल्टीरोल हेलीकाप्टर को भारतीय नौसेना की जरूरतों के अनुरूप साजोसमान और हथियारों से लैस किया गया है।

समुद्री इलाके के लिए कारगर

नौसेना के प्रवक्ता के अनुसार इसके शामिल होने के बाद नौसेना की रणनीतिक और सामरिक क्षमता में बहुआयामी वृद्धि होगी। नौसेना के पायलटों का पहला दल इन दिनों अमेरिका में इस हेलीकाप्टर के संचालन की ट्रेनिंग ले रहा है। समुद्री इलाके के लिए यह दुनिया का सबसे उपयुक्त हेलीकॉप्‍टर है।

अब तक 300 हेलीकाप्टर बने

अब तक इस तरह के करीब 300 हेलीकाप्टर बने हैं। एंटी सबमैरिन वारफेयर, एंटी सर्फेस वारफेयर और सर्च एंड रेस्क्यू आपरेशन के लिए यह सबसे मुफीद है। इस हेलीकाप्टर की पहली उड़ान 2001 में हुई थी। अमेरिकी नौसेना ने 2007 में पहली स्क्वाड्रन बनाई। इसे रोमियो के नाम से भी जाना जाता है।

पहला बैच मिला

अमेरिका के नार्थ आइलैंड के सैन डियागो स्थित अमेरिकी नौसना के एयरबेस पर हुए समारोह में भारतीय नौसेना को पहले दोनों एमएच-60आर हेलीकाप्टर सौंपे गए। इस समारोह में अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू और भारतीय नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल रवनीत सिंह भी मौजूद रहे।

रक्षा संबंधों में अहम पड़ाव

इस हेलीकाप्टर सौदे के हकीकत में तब्दील होने पर खुशी का इजहार करते हुए संधू ने कहा कि मल्टी रोल आल वेदर हेलीकाप्टर का भारतीय नौसेना में शामिल होना भारत और अमेरिका के द्विपक्षीय रक्षा संबंधों में बेहद अहम पड़ाव है। इसके बाद संधू ने ट्वीट कर कहा कि भारत और अमेरिका की दोस्ती आसमान छू रही है। भारत-अमेरिका का द्विपक्षीय रक्षा कारोबार पिछले कुछ सालों में 20 अरब डालर पहुंच गया है। भारत करीब 2.4 अरब डालर की लागत से 24 एमएच-60आर हेलीकाप्टर खरीद रहा है।

chat bot
आपका साथी