भारत ने चाबहार के लिए भेजीं दो हैवी क्रेन, जलमार्ग मंत्री ने कहा- चाबहार एक रणनीतिक बंदरगाह है

केंद्रीय बंदरगाह जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा है कि चाबहार एक रणनीतिक बंदरगाह है और इसका भारत के लिए बड़ा महत्व है। यहां से अफगानिस्तान और खाड़ी के देशों में माल पहुंचाने में बहुत आसानी हो जाएगी।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 08:00 PM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 08:00 PM (IST)
भारत ने चाबहार के लिए भेजीं दो हैवी क्रेन, जलमार्ग मंत्री ने कहा- चाबहार एक रणनीतिक बंदरगाह है
छह मोबाइल हार्बर क्रेन के सौदे में से दो क्रेन चाबहार भेजी गईं।

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत ने दो मोबाइल हार्बर क्रेन ईरान के चाबहार बंदरगाह को भेजी हैं। ये क्रेन 2.5 करोड़ डॉलर (करीब 185 करोड़ रुपये) की हैं। इन क्रेनों से बंदरगाह पर माल के प्रबंधन के कार्य में तेजी आएगी। कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार होते ही भारत ने बंदरगाह के विकास का कार्य तेज किया है।

छह मोबाइल हार्बर क्रेन के सौदे में से दो क्रेन चाबहार भेजी गईं

बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मामलों के मंत्रालय ने बताया है कि छह मोबाइल हार्बर क्रेन (एमएचसी) के सौदे में से शुरुआती दो क्रेन चाबहार भेज दी गई हैं। दोनों क्रेन इटली के मार्गहेरा बंदरगाह से आई थीं और उन्हें चाबहार के लिए रवाना कर दिया गया। ये क्रेन फिलहाल कुछ दिन परीक्षण काल में कार्य करेंगी। प्रत्येक क्रेन की 140 मीट्रिक टन माल उठाने की क्षमता है।

चाबहार के शाहिद बेहेश्ती बंदरगाह पर इन क्रेन की होगी तैनाती

चाबहार के शाहिद बेहेश्ती बंदरगाह की व्यवस्थाओं में इन क्रेन की तैनाती होगी। यह कार्य चाबहार बंदरगाह पर आधारभूत ढांचा विकसित करने के भारत के संकल्प के तहत होगा। भारत और ईरान के बीच इस बाबत समझौता हुआ है। चाबहार को विकसित करने के इस समझौते को अमेरिका ने प्रतिबंध से छूट दे रखी है। अमेरिका ने ऐसा भारत के साथ अपने संबंधों के चलते किया है।

चाबहार पर भारत और ईरान के बीच 2016 में करार हुआ था

भारत और ईरान के बीच यह समझौता 23 मई, 2016 को हुआ था। यह समझौता कुल 8.5 करोड़ डॉलर का है। इसके तहत प्रथम चरण में भारत चाबहार बंदरगाह पर उपकरण स्थापित कर रहा है, मशीनीकरण कर रहा है और उसके बाद वहां की गतिविधियों का संचालन करेगा। जहाजरानी मंत्रालय यह कार्य इंडिया पोर्ट्स ग्लोबल लिमिटेड के जरिये कर रहा है।

जलमार्ग मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा- चाबहार एक रणनीतिक बंदरगाह है

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा है कि चाबहार एक रणनीतिक बंदरगाह है और इसका भारत के लिए बड़ा महत्व है। यहां से अफगानिस्तान और खाड़ी के देशों में माल पहुंचाने में बहुत आसानी हो जाएगी। 

chat bot
आपका साथी