India Coronavirus News: मिजोरम में डेढ़ हजार संक्रमितों में तीन सौ बच्चे, इन राज्यों में बढ़ने लगे केस

केरल में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है तो पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम और पुडुचेरी में मामले बढ़ने लगे हैं। आंध्र प्रदेश में भी केस बढ़े हैं। मिजोरम में हालात ज्यादा खराब है। यहां बड़ी संख्या में बच्चे कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं।

By TaniskEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 06:45 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 07:11 PM (IST)
India Coronavirus News: मिजोरम में डेढ़ हजार संक्रमितों में तीन सौ बच्चे, इन राज्यों में बढ़ने लगे केस
अब मिजोरम और पुडुचेरी बढ़ने लगे केस।

नई दिल्ली, जेएनएन। केरल में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है, तो पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम और पुडुचेरी में मामले बढ़ने लगे हैं। आंध्र प्रदेश में हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। मिजोरम की स्थिति तो और भी गंभीर है, क्योंकि वहां बड़ी संख्या में बच्चे महामारी की चपेट में आ रहे हैं। हालांकि, अगर पूरे देश की बात करें तो केरल में मामले कम होने से संक्रमितों का आंकड़ा कम हुआ है और पिछले 24 घंटे के दौरान 25 हजार से कुछ ज्यादा मामले मिले हैं और 339 लोगों की जान गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कुल मामले तीन करोड़ 32 लाख 89 हजार 579 हो गए हैं। संक्रमण से कुल मौतें चार 43 हजार 213 हो गई हैं। ठीक होने की दर 97.58 फीसद है। मृत्यु दर 1.33 फीसद। पाजिटिविटी दर 1.78 फीसद है। अबतक कुल 54 करोड़ 44 लाख 44 हजार 967 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक दिन में सक्रिय मामलों 12 हजार से ज्यादा की कमी दर्ज की गई है और वर्तमान में एक्टिव केस तीन लाख 62 हजार 207 रह गए हैं, जो कुल मामलों का 1.09 फीसद है।

मिजोरम में 1,502 नए मरीज मिले हैं इनमें से तीन सौ बच्चे

प्राप्त सूचनाओं के मुताबिक मिजोरम में 1,502 नए मरीज मिले हैं इनमें से तीन सौ बच्चे हैं। छह और लोगों की मौत भी हुई है। इससे पहले राज्य में एक दिन में इतने ज्यादा मरीज नहीं मिले थे। पुडुचेरी में भी 103 नए मामले मिले हैं। एक दिन पहले 61 मरीज मिले थे। वैसे तो पुडुचेरी में संक्रमण दर दो फीसद से नीचे ही है, लेकिन एक दिन में जिस तरह से संक्रमितों की संख्या में उछाल आई है, वह चिंता का कारण है।

केरल में 15 हजार से ज्यादा मामले सामने आए

केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 15 हजार 876 नए मामले सामने आए हैं। 25 हजार 654 लोग रिकवर हुए और 129 लोगों की कोरोना से मौत हुई। राज्य में सक्रिय मामले एक लाख 98 हजार 865 हैं। कुल 22 हजार 779 लोगों की मौत हो गई है। पाजिटिविटी रेट 15.12 फीसद है।

कर्नाटक में 559 और आंध्र प्रदेश में 1,125 नए मामले मिले

कर्नाटक में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 559 नए मामले सामने आए हैं। 1,034 रिकवर हुए और 12 लोगों की मौत हुई। राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 15 हजार 754 है। वहीं, आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,125 नए मामले सामने आए। 1,356 लोग ठीक हुए और 9 मौतें हुईं। सक्रिय मामलों की कुल संख्या 14 हजार 412 है।आंध्र में सोमवार को 864 नए मामले पाए गए थे। 

गोवा में मामलों में इजाफा

गोवा में मामलों में इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटे में 109 मामले सामने आए हैं। वहीं दो लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही राज्य में कुल मामलों की संख्या एक लाख 75 हजार हो गई है। मरने वालों की संख्या तीन हजार 219 हो गई है। सोमवार को यहां 54 मामले सामने आए थे।

chat bot
आपका साथी