कोरोना का कहर: कोरोना संक्रमण मामले में भारत की स्थिति भयावह, दुनिया का हर छठा नया संक्रमित भारत में

दुनिया का हर छठा नया संक्रमित भारत में मिल रहा है। कुल मरीजों के मामले में भी भारत ब्राजील को पीछे छोड़ते हुए दूसरे नंबर पहुंच गया है। भारत से ज्यादा संक्रमित अमेरिका में ही हैं। एक दिन में भारत में 146472 नए मामले मिले।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 12:25 AM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 12:25 AM (IST)
कोरोना का कहर: कोरोना संक्रमण मामले में भारत की स्थिति भयावह, दुनिया का हर छठा नया संक्रमित भारत में
महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और केरल जैसे राज्यों में बिगड़ रहे हालात।

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत की स्थिति दिन पर दिन खराब होती जा रही है। महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के 16 राज्यों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। हाल यह है कि दुनिया का हर छठा नया संक्रमित भारत में मिल रहा है। कुल मरीजों के मामले में भी भारत ब्राजील को पीछे छोड़ते हुए दूसरे नंबर पहुंच गया है। भारत से ज्यादा संक्रमित अमेरिका में ही हैं।

महामारी के गंभीर होते हालात, एक दिन में 1,46,472 नए मामले मिले

महामारी के गंभीर होते हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कभी अमेरिका और ब्राजील में रोज भारत से ज्यादा नए केस मिल रहे थे और आज इन दोनों देशों में रोज जितने मामले मिल रहे हैं, उनसे ज्यादा अकेले भारत में सामने आ रहे हैं। अगर हम बीते 24 घंटों की बात करें तो भारत में 1,46,472 नए मामले मिले हैं। वहीं, अमेरिका में पिछले एक दिन में करीब 48 हजार और ब्राजील में लगभग 38 हजार नए मरीज पाए गए हैं।

महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत 16 राज्यों में तेजी से बढ़ रहा संक्रमण

महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, और बंगाल में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इन राज्यों में बढ़ते मामलों के चलते कुल संक्रमितों की संख्या 1.36 करोड़ से अधिक हो गई है। ब्राजील में कुल संक्रमित 1.34 करोड़ हैं और अमेरिका में 3.19 करोड़।

कोरोना संक्रमण की वजह से 747 और लोगों की मौत

इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 747 और लोगों की मौत भी हुई है, जिनमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 258, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में 72-72, गुजरात में 55 और कर्नाटक एवं पंजाब में 52-52 मौतें भी शामिल हैं। इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा 1,70,956 पर पहुंच गया है। अब तक कुल संक्रमितों में से 1.22 करोड़ से ज्यादा ठीक भी हो चुके हैं।

एक्टिव केस 12.49 लाख

एक्टिव केस यानी सक्रिय मामलों में लगातार 33 दिनों से बढ़ोतरी हो रही है। वर्तमान में एक्टिव केस 12.49 लाख हो गए हैं। कोरोना महामारी की पहली लहर में एक्टिव केस सितंबर में सबसे ज्यादा 10.17 लाख तक हुए थे। उसके बाद से इनमें गिरावट आने लगी थी और पिछले साल 12 फरवरी को इनकी संख्या 1.35 लाख पर आ गई थी।

रविवार को 11.80 लाख नमूनों की जांच

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए रविवार को 11,80,136 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 25.78 करोड़ से ज्यादा नमूनों की परीक्षण किया जा चुका है।

सर्वाधिक नए केस वाले 10 राज्य

राज्य             नए मामले  कुल संक्रमित (लाख में)

महाराष्ट्र         51,751 34.58

उत्तर प्रदेश    13,685 7.05

दिल्ली           11,491 7.36

कर्नाटक         9,579 10.74

तमिलनाडु        6,711 9.40

मध्य प्रदेश       6,489 3.44

गुजरात           6,021 3.53

राजस्थान        5,771 3.69

केरल           5,692 11.72

बंगाल            4,511 6.19

chat bot
आपका साथी