बिल गेट्स को पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचे मस्‍क

बिल गेट्स तीन वर्षों में दुनिया के अमीर लोगों की सूची में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। वहीं एलन मस्‍क दूसरे नंबर पर पहुंच चुके हैं। इसकी वजह टेस्‍ला कंपनी के शेयरों में आई तेजी को बताया गया है।

By Kamal VermaEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 11:25 AM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 11:25 AM (IST)
बिल गेट्स को पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचे मस्‍क
दुनिया में दूसरे नंबर के सबसे अमीर व्‍यक्ति बने एलन मस्‍क (एएफपी)

नई दिल्‍ली (जेएनएन)। बिल गेट्स को पछाड़ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बने मस्क कोरोना संक्रमण के कारण भले ही पूरी दुनिया आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही हो, लेकिन अमेरिकी कार निर्माता कंपनी टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क के कारोबार ने बड़ी छलांग लगा लगाई है। वह माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स को पछाड़ते हुए दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं।

पहली बार दूसरे स्थान पर

ब्लूमबर्ग की तरफ से जारी की जाने वाली अरबपतियों की सूची में मस्क पहली बार दूसरे स्थान पर पहुंचे हैं। सूची के अनुसार, मस्क 127.9 अरब डॉलर यानी करीब 9,474 अरब रुपये की संपत्ति के मालिक हैं, जबकि गेट्स के पास 127.7 अरब डॉलर यानी 9,459 अरब रुपये की संपत्ति है।

100 अरब डॉलर बढ़ी संपत्ति

संपत्ति वृद्धि के मामले में मस्क ने बहुत बड़ी छलांग लगाई है। जनवरी 2020 के बाद उनकी संपत्ति में 100 अरब डॉलर यानी 7,407 अरब रुपये का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही वह दुनिया के 500 अरबपतियों के बीच सबसे तेजी से वृद्धि दर्ज कराने वालों में शामिल हो गए हैं।

टेस्ला के शेयर में उछाल

इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली अमेरिकी कंपनी टेस्ला के शेयर में सोमवार को भारी उछाल आया। इससे कंपनी का बाजार पूंजीकरण 500 अरब डॉलर यानी 37,036 अरब रुपये हो गया। इस उछाल के कारण मस्क की संपत्ति में इजाफा हुआ और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

...तो पहले स्थान पर होते गेट्स

बिल गेट्स अब भी पहले स्थान पर रहते अगर उन्होंने संपत्ति का बड़ा हिस्सा सामाजिक कार्यों के लिए दान नहीं कर दिया होता। वर्ष 2006 में बिल एंड र्मेंलडा गेट्स फाउंडेशन बनाने के बाद वह 27 अरब डॉलर यानी करीब 2,000 अरब रुपये दान कर चुके हैं। गेट्स वर्ष 2017 तक लगातार चार साल दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति रहे। इसके बाद अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस ने उनकी जगह ली।

जनवरी में 35वें नंबर पर थे मस्‍क 

जनवरी में एलन मस्‍क दुनियाभर के अमीरों की सूची में 35वें स्थान पर थे। वहीं बिल गेट्स को वर्ष 2017 में अमेजन के संस्‍थापक जेफ बेजोस ने पछाड़ कर नंबर दो पर कर दिया था। अब वो फिर पिछड़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। आपको बता दें कि बिल गेट्स ने पिछले वर्ष गरीब देशों को वहां की स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं और शिक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर काफी दान दिया था। इसके अलावा मौजूदा महामारी कोविड-19 के दौर में भी वो संकट से निजात दिलाने के लिए काफी काम कर रहे हैं। इसकी वजह से भी उनकी दौलत में कमी आई है। वहीं एलन मस्‍क ने हाल ही में अंतरिक्ष में भी लंबी छलांग लगाई है।

मौजूदा समय में दुनिया के अमीरों पर एक नजर :- 

1- जेफ बेजोस-सीईओ अमेजन- 13,481 अरब (182 अरब डॉलर)

2- एलन मस्क- टेस्ला के मुखिया- 9,474 अरब (127.9 अरब डॉलर)

3- बिल गेट्स- माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक- 9,459 अरब (127.7 अरब डॉलर)

chat bot
आपका साथी