किसानों के मुद्दे पर संसद में हंगामा करेगी कांग्रेस, तीनों कृषि कानून वापस हों

लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुन्निल सुरेश ने कहा कि सरकार ने अगर संसद के आगामी बजट सत्र में तीनों नए कृषि कानूनों को रद करने की किसानों की मांग नहीं मानी तो उनकी पार्टी इस मुद्दे पर दोनो सदनों में हंगामा करेगी।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 09:42 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 09:42 PM (IST)
किसानों के मुद्दे पर संसद में हंगामा करेगी कांग्रेस, तीनों कृषि कानून वापस हों
पार्टी के लोकसभा में मुख्य सचेतक ने कहा-तीनों कृषि कानून वापस हों।

नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस में लोकसभा के मुख्य सचेतक कोडिकुन्निल सुरेश ने कहा कि सरकार ने अगर संसद के आगामी बजट सत्र में तीनों नए कृषि कानूनों को रद करने की किसानों की मांग नहीं मानी तो उनकी पार्टी इस मुद्दे पर दोनो सदनों में हंगामा करेगी।

दो खंडों में आयोजित होने वाला बजट सत्र 29 जनवरी से होगा शुरू

ध्यान रहे कि दो खंडों में आयोजित होने वाला बजट सत्र 29 जनवरी से शुरू होगा। सत्र का पहला हिस्सा 15 फरवरी को खत्म होगा जबकि दूसरा हिस्सा आठ मार्च से आठ अप्रैल तक चलेगा।

सदन में चर्चा और स्थगन प्रस्ताव के लिए हरसंभव प्रयास करेगी कांग्रेस

सुरेश ने कहा कि किसानों का आंदोलन और रिपब्लिक भारत के प्रधान संपादक अर्णब गोस्वामी की विवादित वाट्सएप चैट के मुद्दों को कांग्रेस जोर-शोर से उठाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य वरीयता किसान आंदोलन है। हमने लोकसभा और राज्यसभा में इस मुद्दे को जोरशोर से उठाने की योजना बनाई है। हम इन मुद्दों पर चर्चा और स्थगन प्रस्ताव पर बहस के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। हम आगामी सत्र में समान विचारधारा वाले दलों के भी संपर्क में रहेंगे। ताकि किसान आंदोलन को लेकर एक संयुक्त रणनीति बनाई जा सके।

सांसद सुरेश ने कहा- कांग्रेस किसान मुद्दे को संसद के अंदर मजबूती से उठाएगी

पार्टी के मुख्य सचेतक व केरल से सांसद सुरेश ने कहा कि साठ दिनों से दिल्ली के बार्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों की स्थिति को वह खूब अच्छी तरह से समझते हैं। इनमें से करीब 145 किसानों ने अपनी जान गंवा दी है। इसलिए इस मुद्दे को संसद के अंदर मजबूती से उठाए जाने की जरूरत है। अगर किसान सड़कों पर बने रहे तो इसके असर संसद में दिखेगा क्योंकि किसान देश की रीढ़ हैं।

chat bot
आपका साथी