देश में 12 करोड़ के पार पहुंचा टीकाकरण का आंकड़ा, 24 घंटे में दी गई वैक्सीन की 25.65 लाख से अधिक डोज

Covid vaccination drive in India कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण का आंकड़ा 12 करोड़ को पार कर गया है। टीकाकरण अभियान के 92वें दिन शनिवार को रात आठ बजे तक वैक्सीन की 25.65 लाख से ज्यादा डोज दी गईं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 11:53 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 12:03 AM (IST)
देश में 12 करोड़ के पार पहुंचा टीकाकरण का आंकड़ा, 24 घंटे में दी गई वैक्सीन की 25.65 लाख से अधिक डोज
कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण का आंकड़ा 12 करोड़ को पार कर गया है।

नई दिल्ली, पीटीआइ। कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण का आंकड़ा 12 करोड़ को पार कर गया है। टीकाकरण अभियान के 92वें दिन शनिवार को रात आठ बजे तक वैक्सीन की 25.65 लाख से ज्यादा डोज दी गईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शनिवार को 60,057 केंद्रों पर टीके लगाए गए। औसतन रोजाना 45 हजार केंद्रों पर टीके लगाए जाते हैं, इस तरह शनिवार को 15 हजार से ज्यादा टीकाकरण केंद्र संचालित किए गए।

कार्य स्थलों पर टीकाकरण शुरू करने से भी ज्यादा लाभार्थियों को टीके लगाए जा रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि रात आठ बजे तक मिली अस्थायी रिपोर्ट के मुताबिक देश में अब तक वैक्सीन की 12 करोड़ 25 लाख दो हजार 790 डोज दी जा चुकी हैं। इनमें से 91.27 लाख स्वास्थ्यकर्मियों को पहली, 57.07 लाख को दूसरी डोज दी गई हैं। 1.12 करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहली और 55.08 लाख को टीके की दूसरी डोज दी जा चुकी हैं।

इनके अलावा 45 साल से अधिक उम्र के 8.59 करोड़ लोगों को टीके की पहली और 49.50 लाख से अधिक लोगों को दूसरी डोज दी गई है। अंतिम रिपोर्ट आने पर आंकड़ों में बदलाव हो सकता है। मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को 25,65,179 डोज लगाई गईं। इनमें से 19,24,416 लाभार्थियों को पहली और 6,40,763 को दूसरी डोज दी गईं। गौरतलब है कि देश में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू हुआ था। 

वैक्सीन का लेखा-जोखा 

- 14.15 करोड़ वैक्सीन डोज की आपूर्ति हुई है राज्यों को

- 12.57 करोड़ है प्रयोग हुई और खराब हुई डोज की संख्या

- 1.58 करोड़ डोज वैक्सीन अभी राज्यों के पास बाकी है

- 1.16 करोड़ डोज की आपूर्ति अगले हफ्ते तक होगी

रेमडेसिविर का उत्पादन भी बढ़ा 

- 74.10 लाख शीशी प्रतिमाह की आपूर्ति क्षमता हो जाएगी मई में

- 27-29 लाख शीशी प्रतिमाह की क्षमता थी जनवरी-फरवरी में

- 67,900 शीशी की आपूर्ति हुई थी 11 अप्रैल को

- 2,06,000 शीशी की आपूर्ति की गई 15 अप्रैल को

chat bot
आपका साथी