Covid India Updates: केरल में लाकडाउन के बावजूद कम नहीं हो रहे मामले, महाराष्ट्र में कम हुए मामले

महाराष्ट्र के साथ ही मुंबई में भी मामले कम हुए हैं। एक दिन बाद फिर दो हजार से कम (1946) नए केस मिले हैं। हालांकि मरने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। महानगर में 68 और लोगों की जान गई है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 12:00 AM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 06:59 AM (IST)
Covid India Updates: केरल में लाकडाउन के बावजूद कम नहीं हो रहे मामले, महाराष्ट्र में कम हुए मामले
सख्त पाबंदियों का महाराष्ट्र में दिखा असर, मामले घटे पर मौतें नहीं

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए केरल में लगाए गए लाकडाउन का अभी कोई असर नहीं दिख रहा है। राज्य संक्रमितों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। वहीं, महाराष्ट्र और दिल्ली में सख्त पाबंदियों का प्रभाव दिखने लगा है और मामलों में कमी आ रही है। उत्तर प्रदेश समेत अन्य कई राज्यों में भी संक्रमण घट रहा है। केरल में पिछले शनिवार से ही लाकडाउन लगा है, लेकिन मामले कम नहीं हो रहे।

दिल्ली में एक महीने बाद सामने आए सबसे कम केस, कर्नाटक को भी कुछ राहत

गुरुवार को 39,955 नए केस मिले और 97 लोगों की मौत हो गई,जबकि एक दिन पहले रिकॉर्ड 43,529 मामले पाए गए थे। सक्रिय मामले भी बढ़कर 4.38 लाख हो गए हैं। कर्नाटक को कुछ राहत मिली है। बुधवार के 39,998 मामलों और 516 मौतों के मुकाबले गुरुवार को 35,297 नए केस मिले और 344 लोगों की मौत हुई। महाराष्ट्र में सख्त पाबंदियों का असर दिखने लगा है। मामले कम हो रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से 50 हजार से कम नए मामले मिल रहे हैं। बीते चौबीस घंटे के दौरान 42,582 नए मामले मिले, लेकिन 850 लोगों की मौत हुई। एक दिन पहले 816 लोगों की जान गई थी। राज्य सरकार ने पाबंदियों को एक जून तक बढ़ा दिया है।

मुंबई में फिर कम हुए मामले

महाराष्ट्र के साथ ही मुंबई में भी मामले कम हुए हैं। एक दिन बाद फिर दो हजार से कम (1,946) नए केस मिले हैं। हालांकि, मरने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। महानगर में 68 और लोगों की जान गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक महीने बाद सबसे कम 10,489 नए मामले मिले हैं, लेकिन मौतों की संख्या तीन सौ से ऊपर (308) बनी हुई है। इसी तरह उत्तर प्रदेश में मामले और मौतों की संख्या कम हुई है। 17,745 नए केस मिले हैं और 277 लोगों की मौत हुई है। परंतु, तमिलनाडु (30,621), आंध्र प्रदेश (22,399) और बंगाल (20,839) में संक्रमण कम होता नजर नहीं आ रहा है।

देश भर में 3.62 लाख मिले नए मामले

वैसे पूरे देश की बात करें तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान 3,62,727 लाख नए मामले सामने आए हैं और 4,120 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2.37 करोड़ हो गई। इनमें से 1.97 करोड़ मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 2,58,317 लोगों की जान भी जा चुकी है। मरीज के उबरने की दर में थोड़ा सुधार हुआ है और वर्तमान में यह 83.26 फीसद है, जबकि मृत्युदर 1.09 फीसद बनी हुई है। सक्रिय मामले 37.10 लाख हो गए हैं जो कुल संक्रमितों का 15.65 फीसद है।

बुधवार को 18.64 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए बुधवार को देशभर में 18,64,594 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 30.94 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

chat bot
आपका साथी