24 घंटों में 7.33 लाख लोगों की कोरोना जांच, 70.38 फीसद हुई र‍िकवरी रेट, मृत्युदर भी हुई कम

देश में कोरोना जांच का दायरा तेजी से बढ़ा है। अब प्रतिदिन सात लाख से अधिक जांच होने लगी है। बीते 24 घंटों के दौरान भी 7.33 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 10:39 PM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 04:24 AM (IST)
24 घंटों में 7.33 लाख लोगों की कोरोना जांच, 70.38 फीसद हुई र‍िकवरी रेट, मृत्युदर भी हुई कम
24 घंटों में 7.33 लाख लोगों की कोरोना जांच, 70.38 फीसद हुई र‍िकवरी रेट, मृत्युदर भी हुई कम

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना के खिलाफ जंग में मरीजों का पता लगाने के लिए जांच का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। देश में अब प्रतिदिन सात लाख से अधिक जांच होने लगी है। बीते 24 घंटों के दौरान भी 7.33 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई है। अब तक ढाई करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है। संक्रमण का दायरा भी तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 23.50 लाख को पार कर गया है। इस महामारी ने 46 हजार से ज्यादा मरीजों की जान भी ले ली है।

दो करोड़ 60 लाख 15 हजार नमूनों की जांच

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) ने बुधवार को बताया कि मंगलवार तक कुल दो करोड़ 60 लाख 15 हजार 297 नमूनों की जांच की गई थी। इसमें 11 अगस्त को जांच किए गए सात लाख 33 हजार 449 नमूनें भी शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते चौबीस घंटे के दौरान 60,963 नए केस मिले और 834 लोगों की जान गई। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 23 लाख 29 हजार 638 हो गई और मरने वालों का आंकड़ा 46,091 पर पहुंच गया है।

16 लाख 39 हजार मरीज ठीक

संक्रमण से 16 लाख 39 हजार 599 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। देश में केवल छह लाख 43 हजार 948 सक्रिय मरीज रह गए हैं। मरीजों के ठीक होने की दर 70.38 फीसद और मृत्युदर 1.98 प्रतिशत रह गई है। बुधवार को सबसे ज्यादा तमिलनाडु में 119, उत्तर प्रदेश में 54, दिल्ली में 14, ओडिशा व तेलंगाना में नौ-नौ, पुडुचेरी में पांच और अंडमान निकोबार में एक शख्‍स की मौत हो गई।

महाराष्ट्र में 12 हजार से अधिक नए केस

महाराष्ट्र में 12,712 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा पांच लाख 48 हजार 313 हो गया है। राज्य में इससे पहले आठ अगस्त को सबसे अधिक 12,822 नए केस मिले थे। इस दौरान 13,804 मरीज ठीक भी हुए हैं और राज्य में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 3.81 लाख को पार कर गई है। अब तक 18,650 मरीजों की जान भी जा चुकी है।

दिल्ली में फिर बढ़ने लगे मामले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले फिर बढ़ने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों से राजधानी में हजार से ज्यादा नए केस मिल रहे हैं। बुधवार को भी 1,113 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख 48 हजार 504 हो गया। अब तक 4,153 लोगों की जान भी जा चुकी है।

दक्षिण भारत में प्रकोप जारी

दक्षिण भारत में संक्रमण का प्रकोप जारी है। तमिलनाडु में 5871 नए केस मिले और कुल मामले तीन लाख 14 हजार 520 हो गए। अब तक राज्य में 5,270 लोगों की मौत हो चुकी है। तेलंगाना में 1,897 नए मामलों के साथ कुल मामले 84 हजार 544 हो गए हैं। यहां अब तक 654 मौतें भी हुई हैं। पुडुचेरी में रिकॉर्ड 481 नए केस मिले हैं। केंद्र शासित प्रदेश में 6,381 मामले मिल चुके हैं और 96 लोगों की मौत भी हुई है। केरल में 1,212 नए केस के साथ कुल मामले 38,144 हो गए हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 125 हो गया है।

केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक संक्रमित

केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री श्रीपद नाइक को भी कोरोना से संक्रमित पाया गया है। ट्वीट कर नाइक ने खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है। हालांकि, उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिखे हैं। उन्होंने पिछले कुछ दिनों के दौरान उनके संपर्क में आए लोगों से भी जांच कराने का आग्रह किया है।

सिद्दरमैया संक्रमण से मुक्त

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता सिद्दरमैया कोरोना मुक्त हो गए हैं। संक्रमित पाए जाने पर उन्हें चार अगस्त को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और उन्हें गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी