Covid 19 in India : राज्यों के पास अभी वैक्सीन की 84 लाख डोज, गुजरात को मिलेगी सबसे ज्यादा डोज

इनमें से 16.7 करोड़ डोज का इस्तेमाल किया जा चुका है। मंत्रालय ने कहा कि उपलब्ध कराई गई वैक्सीन की डोज में से बर्बाद गई डोज को मिलाकर कुल 16 करोड़ 65 लाख 49 हजार 583 डोज का इस्तेमाल किया जा चुका है।

By Ramesh MishraEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 07:43 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 07:45 PM (IST)
Covid 19 in India : राज्यों के पास अभी वैक्सीन की 84 लाख डोज, गुजरात को मिलेगी सबसे ज्यादा डोज
राज्यों के पास अभी वैक्सीन की 84 लाख डोज, गुजरात को मिलेगी सबसे ज्यादा डोज। फाइल फोटो।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्र सरकार ने शनिवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी कोरोना रोधी वैक्सीन की 84 लाख डोज उपलब्ध हैं। अगले तीन दिनों में इन्हें वैक्सीन की 53 लाख और डोज उपलब्ध करा दी जाएंगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 17.49 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं। इनमें से 16.7 करोड़ डोज का इस्तेमाल किया जा चुका है। मंत्रालय ने कहा कि उपलब्ध कराई गई वैक्सीन की डोज में से बर्बाद गई डोज को मिलाकर कुल 16 करोड़ 65 लाख 49 हजार 583 डोज का इस्तेमाल किया जा चुका है (शनिवार सुबह आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक)। 84 लाख से ज्यादा (84,08,187) डोज अभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास हैं।'बयान में यह भी कहा गया है कि अगले तीन दिनों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 53,25,000 डोज उपलब्ध करा दी जाएंगी। 

दिल्ली को अब तक 40.22 डोज मिले

मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली को वैक्सीन की अब तक 40.22 लाख डोज दी गई हैं, जिसमें से 36.09 लाख डोज का इस्तेमाल किया गया है। इस तरह राष्ट्रीय राजधानी के पास अभी 4.12 लाख डोज उपलब्ध हैं। अगले तीन दिनों में दिल्ली को एक लाख और डोज मिलने की उम्मीद है। दिल्ली की अनुमानित आबादी दो करोड़ से कुछ ज्यादा है। 

गुजरात को मिलेगी सबसे ज्यादा डोज

मंत्रालय ने बताया कि अगले तीन दिनों में वितरित किए जाने वाले 53.25 लाख डोज में से सबसे ज्यादा गुजरात को 8.98 लाख डोज दी जाएंगी। गुजरात को अब तक 1.39 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं, जिनमें से उसने 1.35 डोज का इस्तेमाल किया है। गुजरात के बाद सबसे ज्यादा महाराष्ट्र को 6.03 लाख, राजस्थान को 4.50 लाख और उत्तर प्रदेश को चार लाख डोज मिलेगी। वहीं, बंगाल को 3.95 लाख, बिहार को 3.64 लाख और छत्तीसगढ़ को तीन लाख डोज दी जाएंगी।

लक्षद्वीप में वैक्सीन की सबसे ज्यादा बर्बादी

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक लक्षद्वीप में कोरोना रोधी वैक्सीन की सबसे ज्यादा 22.7 फीसद बर्बादी हुई है। हरियाणा में यह आंकड़ा 6.65 फीसद, असम में 6.07 फीसद, राजस्थान में 5.50 फीसद, पंजाब में 5.05 फीसद, बिहार में 4.96 फीसद, तमिलनाडु में 3.94 फीसद और मणिपुर में 3.56 फीसद है।

chat bot
आपका साथी