फि‍र डराने लगा कोरोना, महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें, अमरावती में लॉकडाउन एक हफ्ते बढ़ा

देश में लगातार तीसरे दिन 16 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। सौ से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के अमरावती जिले में लॉकडाउन को और एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 10:57 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 01:15 AM (IST)
फि‍र डराने लगा कोरोना, महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें, अमरावती में लॉकडाउन एक हफ्ते बढ़ा
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में लॉकडाउन को और एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है।

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना संक्रमण में बढ़ोतरी कायम है। लगातार तीसरे दिन शनिवार को 16 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। सौ से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई। ठीक होने वाले मरीजों की तुलना में ज्यादा नए मामले मिलने से सक्रिय मामले भी बढ़ने लगे हैं। एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के अमरावती जिले में लॉकडाउन को और एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। यही नहींं आसपास के क्षेत्रों में आठ मार्च तक अब लॉकडाउन लागू रहेगा।

देशभर में 16,488 नए मामले मिले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना संक्रमण के 16,488 नए मामले मिले हैं। इससे पहले शुक्रवार को 16,577 और गुरुवार को 16,738 नए केस सामने आए थे। इस दौरान 12,771 मरीज ठीक हुए और 113 लोगों की मौत भी हो गई। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 10 लाख 79 हजार हो गया है।

97.14 फीसद रिकवरी रेट 

एक करोड़ सात लाख 63 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और 1,56,938 लोगों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर 97.14 फीसद और मृत्युदर 1.42 फीसद है। मंत्रालय ने बताया कि लक्षद्वीप में कोरोना वायरस के चलते पहली मौत हुई है। नए मामलों के बढ़ने से सक्रिय मामले बढ़ रहे हैं। वर्तमान में सक्रिय मामले 1,59,590 हैं, जो कुल संक्रमितों का 1.44 फीसद है। एक हफ्ते पहले सक्रिय मामलों की संख्या 1.30 लाख के करीब थी।

केरल में घटे, महाराष्ट्र में बढ़े सक्रिय मामले

मंत्रालय के मुताबिक पिछले दो हफ्ते के दौरान केरल में सक्रिय मामले कम हुए हैं जबकि महाराष्ट्र में बढ़े हैं। 14 फरवरी को केरल में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 63,847 थी जो घटकर अभी 51,679 पर आ गई है। वहीं, महाराष्ट्र में 14 फरवरी को 34,449 सक्रिय मामले थे, जो बढ़कर 72,530 हो गए हैं।

अमरावती में लॉकडाउन और एक हफ्ते बढ़ा

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में लॉकडाउन को और एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। अमरावती और अचलपुर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में आठ मार्च तक अब लॉकडाउन लागू रहेगा। वहीं, नागपुर, बुल्ढाणा और यवतमाल में सप्ताहांत में दोबारा सख्त प्रतिबंध लगा दिया गया है। राज्य में नए मामलों में कोई कमी नजर नहीं आ रही। शनिवार को राज्य में 8,623 नए मामले सामने आए और 51 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 21.46 लाख संक्रमित पाए जा चुके हैं और 52,092 लोगों की मौत हो चुकी है।

17 राज्यों में कोई मौत नहीं

17 राज्यों में इस दौरान कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। कोरोना संबंधी नियम तोड़ने पर मुंबई में तीन मैरिज हॉल के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। शादी समारोह में यहां 50 फीसद से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शुक्रवार को 7,73,918 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर 26 फरवरी तक कुल 21 करोड़ 54 लाख 35 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

chat bot
आपका साथी