देश में साढ़े चार फीसद से नीचे आई कोरोना की संक्रमण दर, महाराष्ट्र में फिर बढ़ा मौत का आंकड़ा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। सक्रिय मामले कुल संक्रमितों का 3.83 फीसद रह गए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान सक्रिय मामलों में 46 हजार से ज्यादा की कमी आई है।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 10:04 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 10:04 PM (IST)
देश में साढ़े चार फीसद से नीचे आई कोरोना की संक्रमण दर, महाराष्ट्र में फिर बढ़ा मौत का आंकड़ा
देश में लगातार चौथे दिन मिले एक लाख से कम नए मामले

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर थमती जा रही है। संक्रमण के नए मामले पिछले चार दिनों से एक लाख से नीचे बने हुए हैं। हालांकि, प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या एक बार फिर तीन हजार को पार कर गई है। परंतु, संक्रमण दर साढ़े चार फीसद के नीचे आ गई है और मरीजों के उबरने की दर 95 फीसद के करीब पहुंच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। सक्रिय मामले कुल संक्रमितों का 3.83 फीसद रह गए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान सक्रिय मामलों में 46 हजार से ज्यादा की कमी आई है।

महाराष्ट्र में बढ़ा मौत का आंकड़ा

महाराष्ट्र में मौत का आंकड़ा अचानक बढ़ गया है। राज्य में 1,915 लोगों की मौत हुई है, हालांकि, इसमें पिछले 24 घंटे से पहले हुई मौतों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें किसी कारणवश आंकड़ों में अभी तक शामिल नहीं किया जा सका था। राज्य में अब तक एक लाख से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इसके अलावा तमिलनाडु में 358 और केरल एवं कर्नाटक में 194-194 और लोगों की जान गई है।

शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़े

नए मामले 91,702

कुल मामले 2,91,74,823

मौतें 3,403

कुल मौतें 3,63,079

सक्रिय मामले 11,21,671

ठीक हुए 1,48,630

कुल ठीक हुए 2,77,90,073

संक्रमण दर 4.49 फीसद

साप्ताहिक संक्रमण दर 5.14 फीसद

ठीक होने की दर 94.93 फीसद

मृत्यु दर 1.24 फीसद

जांचें (शनिवार) 20,44,131

कुल जांचें 37,42,42,384

chat bot
आपका साथी