Lockdown 5.0: अंतरराज्यीय आवागमन के लिए आंध्र प्रदेश नहीं खोलेगा अपनी सीमा

आंध्र प्रदेश सरकार ने वाहनों और लोगों के अंतरराज्यीय आवागमन के लिए अपनी सीमाओं को नहीं खोलना का फैसला किया है।

By TaniskEdited By: Publish:Mon, 01 Jun 2020 03:13 PM (IST) Updated:Mon, 01 Jun 2020 03:13 PM (IST)
Lockdown 5.0: अंतरराज्यीय आवागमन के लिए आंध्र प्रदेश नहीं खोलेगा अपनी सीमा
Lockdown 5.0: अंतरराज्यीय आवागमन के लिए आंध्र प्रदेश नहीं खोलेगा अपनी सीमा

अमरावती, पीटीआइ। देश में सोमवार से कोरोना वायरस लॉकडाउन 5.0 (lockdown 5.0) लागू हो गया है। इसी बीच आंध्र प्रदेश सरकार ने वाहनों और लोगों के अंतरराज्यीय आवागमन के लिए अपनी सीमाओं को नहीं खोलना का  फैसला किया है। 

राज्य के पुलिस महानिदेशक डी जी सवांग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि लोगों के अंतरराज्यीय आवागमन पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लागू रहेगा। निजी वाहनों में अन्य राज्यों से आंध्र आने के इच्छुक लोगों को सरकार के 'स्पंदना' वेब पोर्टल के माध्यम से ई-पास प्राप्त करना होगा और चिकित्सा परीक्षणों से गुजरना होगा।

समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार कोरोना वायरस से कम प्रभावित राज्यों से आने वाले लोगों को होम क्वारंटाइन में भेजा जाएगा और अत्यधिक प्रभावित राज्यों से आने वालों को सात दिनों के लिए इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन में भेजा जाएगा। डीजीपी ने कहा कि इसके बाद, अगर वे कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं, तो उन्हें अस्पताल भेजा जाएगा। कोरोना नेगेटिव पाए जाने पर उन्हें सात दिनों के लिए होम क्वारंटाइन में भेजा जाएगा। अंतर राज्य आवागमन पर रोक तब तक जारी रहेगी जब तक सरकार स्पष्ट आदेश नहीं देती।

विदेशों से आने वाले लोगों को 14 दिनों तक रहना होगा क्वारंटाइन

इस बीच, राज्य में COVID नोडल अधिकारी अरजा श्रीकांत ने कहा कि अन्य राज्यों की ट्रेनों से आंध्र आने वाले लोगों का रेलवे स्टेशनों या जिला रिसेप्शन सेंटर्स पर टेस्ट किया जाएगा। विदेशों से आने वाले लोगों को 14 दिनों के लिए आवश्यक रूप से सरकार या पेड क्वारंटाइन में रहना होगा। राज्य में अबतक कोरोना के 3,674 मामले सामने आ गए हैं और 64 लोगों की मौत हो गई है।

देश में अब कुल मामलों की संख्या 1,90,535 हुई 

भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में 8,392 नए  मामले सामने आए हैं और 230 मौतें हुईं। देश में अब कुल मामलों की संख्या 1,90,535 हो गई है, जिसमें 93322 सक्रिय मामले, 91819 ठीक हो गए हैं और 5394 मौतें शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी