Coronavirus in India: ऑक्सफोर्ड वैक्सीन को क्लीनिकल ट्रायल के लिए मंजूरी मिली, ICMR ने दी जानकारी

इंडियन मेडिकल काउंसिल एंड रिसर्च (ICMR) प्रमुख डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि ऑक्सफोर्ड वैक्सीन को चरण 2 और 3 क्लीनिकल ट्रायल के लिए मंजूरी दे दी गई है।

By TaniskEdited By: Publish:Tue, 04 Aug 2020 04:18 PM (IST) Updated:Wed, 05 Aug 2020 02:41 AM (IST)
Coronavirus in India: ऑक्सफोर्ड वैक्सीन को क्लीनिकल ट्रायल के लिए मंजूरी मिली, ICMR ने दी जानकारी
Coronavirus in India: ऑक्सफोर्ड वैक्सीन को क्लीनिकल ट्रायल के लिए मंजूरी मिली, ICMR ने दी जानकारी

नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में कोरोना वायरस (COVID-19) की स्थिति को लेकर दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंडियन मेडिकल काउंसिल एंड रिसर्च (ICMR) के प्रमुख डॉ. बलराम भार्गव ने कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा बनाई जा रही ऑक्सफोर्ड वैक्सीन को फेज 2 और 3 के क्लीनिकल ट्रायल के लिए मंजूरी दे दी गई है। देश में 17 जगहों पर एक हफ्ते के भीतर टीके का ट्रायल शुरू हो जाएगा। 

इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अभी तक दो करोड़ से ज्यादा सैंपल टेस्ट हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में छह लाख 60 हजार सैंपल टेस्ट हुए हैं। भारत प्रति मिलियन जनसंख्या पर रोजाना 479 टेस्ट कर रहा है। संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या एक्टिव केस से दोगुनी हो गई है।

कोरोना की वजह से मौत पर स्वास्थ्य मंत्रालय की जानकारी 

कोरोना की वजह से मौत को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि मृत्यु दर 25 मार्च के बाद से अब तक सबसे कम 2.10 फीसद हो गई है। मृत्यु दर में लगातार गिरावट देखने को मिली है, जो एक अच्छा संकेत है। जून के दूसरे सप्ताह में मृत्यु दर 3.36 फीसद था, जुलाई के दूसरे सप्ताह में ये घटकर 2.69 फीसद हो गया था। अभी देश में कोरोना के पांच लाख 86 हजार 298  एक्टिव केस हैं। ये वो केस हैं जो अस्पताल में हैं या मेडिकल निगरानी में सेल्फ आइसोलेट हैं। कोरोना कुल केसों में से 68 फीसद पुरुषों की और 32 फीसद महिलाओं की मौत हुई है। 50 फीसद मृत्यु 60 और इससे अधिक उम्र के कोरोना पॉजिटिव मरीजों की हुई है। 37 फीसद मृत्यु 45-60 साल के मरीजों की हुई है। 

कई राज्यों में टेस्टिंग क्षमता में वृद्धि हुई

मंत्रालय ने आगे कहा कि कई राज्यों में टेस्टिंग क्षमता में वृद्धि हुई है। आरटी - पीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट दोनों बढ़े हैं। 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रति मिलियन जनसंख्या पर रोज 140 से अधिक टेस्ट हो रहे हैं। गोवा, दिल्ली, त्रिपुरा और तमिलनाडु ने अपनी टेस्टिंग क्षमता बढ़ाई है। देश के प्रति मिलियन टेस्ट की संख्या 15,119 है। वहीं दूसरी ओर गोवा की प्रति मिलियन टेस्ट की संख्या 84,000, दिल्ली की 57,000, त्रिपुरा की 40,000, जम्मू और कश्मीर की 38,000 और तमिलनाडु की 35,000 है।

देश में कोरोना के 18 लाख से ज्यादा मामले

देश में अब तक कोरोना के 18 लाख 55 हजार 746 मामले सामने आ गए हैं। इनमें पांच लाख 86 हजार 298 एक्टिव केस हैं। वहीं 12 लाख 30 हजार 510 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं 38 हजार 938 लोगों की मौत हो गई है। देश में अब तक कुल दो करोड़ आठ लाख 64 हजार 206 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। रिकवरी रेट 66.31 फीसद हो गया है। मृत्यु दर 2.16 फीसद हो गया है। 

chat bot
आपका साथी