देश में पहली बार एक दिन में कोरोना संक्रमण के नए मामले 2.50 लाख के पार, 1500 लोगों की मौत

कोरोना महामारी का संकट विकट होता जा रहा है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अस्पताल में बेड कम हो रहे हैं। बीते 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड नए मामले मिले हैं और मरीजों की जान भी गई है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 08:52 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 06:45 AM (IST)
देश में पहली बार एक दिन में कोरोना संक्रमण के नए मामले 2.50 लाख के पार, 1500 लोगों की मौत
बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड नए मामले मिले हैं और मरीजों की जान भी गई है।

जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना महामारी अत्यधिक भयावह रूप लेते जा रही है। लगातार तीन दिनों से दो लाख से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को पहली बार एक दिन में ढाई लाख से ज्यादा नए मामले पाए गए हैं और करीब 15 सौ लोगों की मौत भी हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या भी 18 लाख के करीब पहुंच गई है। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से देर रात तक मिली खबरों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 2,60,533 नए मामले सामने आए हैं, 1,36,853 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं और 1,493 लोगों की जान भी गई है। 

18 लाख के करीब हुए सक्रिय केस 

इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 47 लाख 82 हजार के पार पहुंच गया है। इनमें से एक करोड़ 28 लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,77,168 लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। सक्रिय मामलों का आंकड़ा 17,95,278 पर पहुंच गया है।

लगातार गिर रही रिकवरी रेट 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमित 1.45 करोड़ थे। 1.26 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं और 1,75,649 हो गई है। नए मामले बढ़ने से मरीजों के उबरने की दर लगातार गिर रही है और वर्तमान में यह 87.23 फीसद पर आ गई है। दैनिक मौतों का आंकड़ा भले ही बढ़ रहा है, लेकिन मृत्युदर में लगातार गिरावट आ रही है और अभी यह 1.21 फीसद है।

शुक्रवार को करीब 15 लाख जांच

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शुक्रवार को देशभर में 14,95,397 नमूनों की जांच की गई है। इनको मिलाकर अब तक 26.49 करोड़ से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

15 राज्यों में सबसे बुरा हाल

महाराष्ट्र समेत देश के 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में महामारी की स्थिति सबसे खराब है। सबसे बुरी तरह से प्रभावित महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 67,123 नए केस मिले हैं। उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरे दिन 27 हजार से अधिक (27,334) मामले पाए गए। दिल्ली में 24,375 नए केस सामने आए और कर्नाटक में 17 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए हैं। केरल में रिकॉर्ड 13,835 नए केस मिले हैं।

केवल 10 राज्यों में ही 79 फीसद नए मामले

मंत्रालय के मुताबिक 2.34 लाख नए मामलों में से 79.32 फीसद सिर्फ 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मिले हैं। ये राज्य हैं महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, केरल, गुजरात, तमिलनाडु और राजस्थान। इनमें से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 63,729, उत्तर प्रदेश में 27,360 और दिल्ली में 19,486 केस शामिल हैं।

महाराष्ट्र में 419 और मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में 419 और लोगों की मौत हुई है और मृतकों का आंकड़ा 60 हजार (59,970) के करीब पहुंच गया है। इसके अलावा दिल्ली में 167, छत्तीसगढ़ में 159, गुजरात में 97, कर्नाटक में 80, मध्य प्रदेश में 66, पंजाब में 62, राजस्थान में 37 और बंगाल और बिहार में 34-34 और मरीजों की जान गई है।

सर्वाधिक नए केस वाले 10 राज्य

राज्य-नए मामले-कुल संक्रमित (लाख में)

महाराष्ट्र 67,123 37.70

उत्तर प्रदेश 27,334 8.21

दिल्ली 24,375 8.27

कर्नाटक 17,489 11.41

छत्तीसगढ़ 16,083 5.32

केरल 13,835 12.21

मध्य प्रदेश 11,269 3.95

गुजरात 9,541 3.94

तमिलनाडु 9,344 9.80

राजस्थान 9,046 3.04

10 राज्यों में 86 फीसद मौतें

पिछले एक दिन में 1,341 लोगों की जान गई है। इनमें से 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ही 85.83 फीसद मौतें भी हुई हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र (398), दिल्ली (141), छत्तीसगढ़ (138), उत्तर प्रदेश (103), गुजरात (94), कर्नाटक (78), मध्य प्रदेश (60), झारखंड (56) और पंजाब (50 मौतें) शामिल हैं। देश के नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बीते एक दिन में कोरोना संक्रमण के चलते किसी मरीज की मौत नहीं हुई है।

chat bot
आपका साथी